बरात आने से एक दिन पहले पहुंच गए अधिकारी, नाबालिग की हो रही थी शादी की तैयारी
सरंक्षण एवं बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी की टीम ने क्योड़क पुलिस चौकी के सहयोग से गांव नौच में नाबालिग लड़की की शादी रूकवाई। लड़की की आयु 15 साल आठ माह है। वीरवार को टिकरी गांव से बारात आनी थी।
पानीपत/कैथल, जेएनएन। सरंक्षण एवं बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी की टीम ने क्योड़क पुलिस चौकी के सहयोग से गांव नौच में नाबालिग लड़की की शादी रूकवाई। लड़की की आयु 15 साल आठ माह है। वीरवार को टिकरी गांव से बारात आनी थी। सूचना मिलने पर प्रशासन ने एक दिन पहले ही गांव में पहुंचकर शादी रूकवा दी। लड़की और परिवार वालों के बयान दर्ज किए।
प्रशासन ने चेतावनी दी कि अगर जबरदस्ती शादी की तो एफआइआर दर्ज की जाएगी। वहीं नाबालिग लड़की ने टीम को बताया कि उसके गांव से कई लड़कियों ने भागकर शादी कर ली है, इस कारण उसके परिवार वाले डरे हुए हैं। इसी डर के चलते उसकी शादी करने का फैसला परिवार वालों ने किया। उसने भी इस शादी का समर्थन किया है। वह आठवीं कक्षा तक पढ़ी है। दूल्हे की आयु 21 साल बताई जा रही है।
सूचना मिलने पर पहुंची टीम
सरंक्षण एवं बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी सुनीता शर्मा ने बताया कि बाल विवाह को लेकर सूचना मिली थी। इसके बाद डीसी सुजान सिंह को इस बारे में सूचित किया। उनके आदेशों के बाद टीम का गठन किया। टीम में एसआई रामकुमार, रविंद्र सिंह, एमपीडब्ल्यू नीलम को शामिल करते हुए टीम गांव नौच पहुंची। यहां शादी की तैयारियां चल रही थी। इसके बाद लड़की और उसके स्वजनों से बातचीत की। लड़की की आयु संबंधित कागजों की जांच की तो 15 साल आठ माह की आयु मिली। लड़की के माता-पिता मजदूरी करते हैं। 26 नवंबर को लड़की की शादी तय की हुई है। प्रशासन की टीम ने बयान दर्ज करते हुए शादी को रूकवा दिया है। अधिकारी सुनीता ने बताया कि अगर इन आदेशों का पालन नहीं किया तो एफआइआर दर्ज की जाएगी। उन्होंने बताया कि अब शादियों का सीजन शुरू हो गया है। कई लोग लड़कियों की कम आयु में ही शादी कर देते हैं। इसलिए अगर कोई मामला इस तरह का सामना आए तो जिला प्रशासन को सूचित करें।