बाजार प्रधानों ने बोला नगर निगम पर धावा, कमिश्नर की मेज पर रखी स्ट्रीट लाइट
बाजारों में स्ट्रीट लाइट लगवाने के लिए व्यापारियों ने अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, पानीपत :
बाजारों में अंधेरे से खफा संयुक्त व्यापार मंडल के प्रधानों ने नगर निगम पर धावा बोला। 20 स्ट्रीट लाइटें नगर निगम आयुक्त की मेज पर रख कर 42 बाजारों के प्रधानों ने कहा कि इन लाइटों को बाजारों में लगवा दें। बाकी लाइटें चंदा इकट्ठा करके हम लाकर दे देंगे। नगर निगम में करोड़ों रुपये के घोटाले के चलते काम बंद पड़े हैं। जिन ठेकेदारों ने करोड़ों रुपये बटोरे उन्हें कहा जाए तो वे अपने पैसे से लाइट लगवा सकते हैं। खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक नहीं कर रहे। तीन माह से संयुक्त व्यापार मंडल मांग कर रहा है। तीन दिन का अल्टीमेटम भी दिया लेकिन कोई सुनवाई नहीं की गई। व्यापारियों के उग्र रूख को देखते हुए आयुक्त सुशील कुमार ने कहा कि सभी स्ट्रीट लाइटें ठीक की जाएगी। जहां नई लगेंगी वहां नई लगाई जाएगी। एक महीना का समय लगेगा।
बाजार प्रधानों ने एक माह का समय देने से इंकार कर दिया। पूर्व प्रधान अनिल मदान ने कहा कि जितनी लागत से निगम लाइटें लगवाता है, उससे एक तिहाई कम कीमत पर हम लगवा देंगे। हमें निगम अपने आदमी दे दे। स्ट्रीट लाइट लगने के बाद निगम पैसे दे दे। आयुक्त ने स्ट्रीट लाइट का मामला देख रहे एक्सईएन नवीन कुमार व अधीक्षण अभियंता महीपाल बुलाया। दोनों अधिकारियो ने कहा कि स्ट्रीट लाइट ठीक करवाने का काम शुरू हो चुका है। एक माह में पूरे शहर में लाइटें ठीक हो जाएंगी। वीरवार को मेंटेनेंस पर स्ट्रीट लाइट की टेंडर होने हैं। 42 कर्मचारी हमें काम करने के लिए मिल जाएंगे।
संयुक्त व्यापार मंडल के प्रधान सुनील अरोड़ा व दर्शन लाल वधवा ने कहा कि एक सप्ताह में मरम्मत का काम शुरू होना चाहिए। ठेकेदार का कहना है कि सामान नहीं है। उन्हें सामान दिया जाना चाहिए। गौरव लिखा ने कहा कि 42 बाजारों में 800 लाइटें लगी है। जिनमें 60 प्रतिशत खराब है। 40 प्रतिशत नई लगनी है। जो लाइटें हम लाएं उनकी तीन साल तक गारंटी है।
आयुक्त सुशील कुमार ने बाजार प्रधानों को शांत करते हुए 10 दिन में बाजारों में स्ट्रीट लाइट ठीक करवाने का आश्वासन दिया। तब बाजार प्रधान माने।
आयुक्त ने 20 लाइटें लौटा दी
जो 20 लाइटें बाजार प्रधान लाए थे, आयुक्त ने उन्हें लौटा दी। उन्होंने कहा कि नगर निगम लाइटें लगवाएगा। मेंटनेंस के लिए पूरा सामान देगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी निर्धारित समय में लाइट चालू करने के आदेश दिए।
अतिक्रमण का मामला उठा
बाजारों मे दुकानदारों द्वारा सामान बाहर रख कर अतिक्रमण का मामला भी उठा। अनिल मदान व सुनील अरोड़ा ने कहा कि जो दुकानदार बाहर सामान रखते हैं, उनका चालान किया जाए। इससे नगर निगम की आय भी होगी। चालान करने में हम नगर निगम का साथ देने के लिए तैयार हैं। हमने दुकानदारों को समझाया है, लेकिन वे नहीं मान रहे। आयुक्त ने अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने के आदेश भी दिए।
24 कर्मचारियों की टीम लगेगी बाजारों में स्ट्रीट लाइट लगाने पर
8-8 कर्मचारियों की तीन टीमें बाजारों में स्ट्रीट लाइट लगाने पर लगेगी। जहां-जहां स्ट्रीट लाइट खराब हैं उसकी जानकारी निगम के दी गई है। बाजार प्रधान सुशील भराड़ा ने कहा कि 10 दिन का समय मिला है। यदि निर्धारित समय में लाइटें नहीं लगी तो फिर से संयुक्त व्यापार मंडल आंदोलन छेड़ेगा। आयुक्त ने उन्हें आश्वासन दिया है। बाजार प्रधान चंद्र सहगल, संजय वर्मा, गौरव लीखा ने अपने बातें रखी।