भतीजे के जन्म पर पार्टी देने गया चाचा लापता, परिजनों का आरोप- दोस्तों ने मार डाला
परिजनों ने आरोप लगाया है कि दोस्तों ने ही युवक को यमुना में डुबोकर मार डाला है। सेक्टर 13-17 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
जागरण संवाददाता, पानीपत : बबैल गांव में भतीजे के जन्म होने की खुशी में युवक ने दोस्तों संग पार्टी की। इसके बाद से वह संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि दोस्तों ने ही युवक को यमुना में डुबोकर मार डाला है। सेक्टर 13-17 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
उत्तर प्रदेश के जिला शामली के गांव हसनपुर के जितेंद्र ने बताया कि वह परिवार सहित बबैल गांव में किराये पर रहता है। उसकी असंल गेट के पास चाय की दुकान है। 16 जून की शाम छह बजे 18 वर्षीय बेटा सागर उसके पास दुकान पर था। तभी धमीजा कॉलोनी का महादेव, अजीत और लक्की उसे साथ लेकर चले गए। तब से वह लापता है। उसका मोबाइल फोन भी बंद है। उसे शक है कि उसके बेटे को उक्त तीनों लड़कों ने अपहरण कर मार दिया है। डीएसपी मुख्यालय सतीश कुमार वत्स ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित की काउंसिलिग कराई जाएगी।
ऑटो पलटने के बाद तीनों दोस्त हो गए थे लापता
आरोपित महादेव ने बताया कि 17 जून को शाम को सागर ने उसे बताया कि भाभी ने बेटे को जन्म दिया है। वह उसे, अजीत व लक्की को भैंसवाल में नहर किनारे पार्टी देगा। वहां उन्होंने शराब पी। गर्मी ज्यादा होने के कारण यमुना में नहाने के लिए उसके ऑटो से चल दिये। यहां नहाने के बाद वापस चले तो यमुना पुल पर ऑटो पलट गया। वह ऑटो से निकला और लोगों से मदद मांगने के लिए थोड़ी दूर गया। वापस लौटा तो तीनों दोस्त नहीं थे। वह नशा ज्यादा होने के कारण रात को वहीं पर सो गया। 18 की सुबह घर लौटा। उसे तीनों दोस्तों के बारे में जानकारी नहीं है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप