प्रेम विवाह का खौफनाक अंजाम, आत्महत्या से पहले पत्नी और बेटे का किया ये अंजाम
यमुनानगर में एक व्यक्ति ने पत्नी और डेढ़ साल के बेटे की हत्या कर ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। उसने सात साल पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों में कुछ दिन पहले भी झगड़ा हुआ था।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। शहर निजी अस्पताल में काम करने वाला युवक मंगलवार को अपने डेढ़ साल के बेटे और पत्नी की हत्या कर ट्रेन से कट गया। पति-पत्नी गाबा अस्पताल में काम करते थे। दोनों ने सात साल पहले प्रेम विवाह किया था। हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
अंबाला के हलदरी गांव के अनिल कुमार (35) ने बिलासपुर के बांसेवाला गांव की आशा (32) के साथ परिजनों की सहमति के बाद प्रेम विवाह किया था। उनकी एक चार वर्षीय बेटी माही और डेढ़ वर्षीय बेटा सार्थ था। माही गांव हलदरी में दादी के पास रहती है। आशा तीन साल से गाबा अस्पताल के आइसीयू में नर्स थी।
पति की भी लगवा दी थी नौकरी
दो साल पहले उसने अनिल को भी यहीं पर डायलिसिस वार्ड में लगवा दिया था। तब से दोनों अस्पताल में बने कमरे में रह रहे थे। इसी बिल्डिंग में स्टाफ के आठ अन्य परिवार भी रहते हैं। यहीं रहने वाली स्टाफ नर्स जब ड्यूटी से आई तो आशा और सार्थ के शव पड़े देखे। अनिल वहां नहीं था। पुलिस पहुंची और अनिल की तलाश में उसके गांव गई। इसी बीच करीब 10 बजे अंबाला में केसरी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर अनिल का शव मिला। आशा के भाई सुभाष ने बताया कि दोनों के बीच कोई विवाद नहीं था। पता नहीं ये कदम क्यों उठाया? अनिल ने ही उसकी बहन और भांजे की हत्या की है।
सहेली के घर सोई थी आशा
पड़ोसियों का कहना है कि अनिल और आशा में रविवार देर शाम झगड़ा हुआ था। इसी कारण रविवार रात को वह सहेली के घर सोई थी। सोमवार सुबह ही अनिल उसे बुलाकर घर ले गया था।
आशा के भाई सुभाष के बयान पर अनिल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। अनिल ने भी आत्महत्या कर ली है। मामले की जांच की जा रही है। घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
रतन, प्रभारी सिटी थाना, यमुनानगर।