यमुनानगर में लव जिहाद का आरोप, किशोरी को बहला फुसलाकर ले गया मुस्लिम युवक
हरियाणा के यमुनानगर में किशोरी को बहला फुसलाकर मुस्लिम युवक ले गए। हिंदू संगठनों ने लव जिहाद का आरोप लगाया है। एक साल पहले भी आरोपित बहलाकर ले गया था किशोरी को। पुलिस लगी तलाश में। इससे पहले भी यमुनानगर में लव जिहाद का मामला आया।
यमुनानगर, जागरण संवाददाता। शहर यमुनानगर थाना क्षेत्र के पुराना हमीदा से हिंदू समुदाय की साढ़े 16 वर्षीय किशोरी को मुस्लिम युवक तालिब उर्फ तस्लीम बहला फुसलाकर ले गया। मामले में पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की है। वहीं इस घटना के विरोध में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता हमीदा चौकी में पहुंचे। किशोरी की बरामदगी की मांग की।
हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि लव जिहाद के तहत किशोरी को बहला फुसलाया गया है।
उधर, किशोरी को दिसंबर 2020 में भी आरोपित युवक बहलाकर ले गया था। पुलिस ने किशोरी को बरामद किया था। उस समय दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। हमीदा चौकी इंचार्ज शमसेर सिंह का कहना है कि किशोरी की बरामदगी के लिए टीमें लगाई गई है। आरोपित की उत्तर प्रदेश के देवबंद में रिश्तेदारी का पता लगा है। इसलिए एक टीम को वहां भी भेजा गया है।
किशोरी की मां ने बताया कि वह घर पर पोछा लगा रही थी। इस दौरान बेटी घर पर ही थे। परिवार में रिश्तेदार भी आए हुए थे। सब एक दूसरे के साथ बातें कर रहे थे। इसी बीच अचानक बेटी घर से गायब हो गई। जब काफी देर तक उसका कोई पता नहीं लगा, तो तलाश शुरू कर दी। इस दौरान पता लगा कि पड़ोस का ही तालिब उसे बहला फुसलाकर ले गया है।
आरोपित पहले भी उनकी बेटी को लेकर चला गया था। बाद में बेटी को बरामद किया गया था। आरोपित ने उनके साथ समझौता कर लिया था। हिंदू संगठन के विक्रम राणा का कहना है कि यह एक साजिश चल रही है। हिंदूू लड़कियों को निशाना बनाया जा रहा है। लव जिहाद के तहत उन्हें बहलाया जा रहा है। इस पर पुलिस को अंकुश लगाना चाहिए। ऐसी गतिविधियों के विरोध में हिंदू संगठन आंदोलन को मजबूर होंगे।