Panipat Coronavirus Update: करनाल में कोरोना से दूसरी मौत, चार पॉजिटिव नए केस और मिले
आज मिले चार केस से करनाल में कोरोना केस की संख्या 72 हो गई है। यह 73 होती मगर एक शख्स की मौत होने से यह आंकड़ा 72 माना गया है। इसमें अब एक्टिव केस 45 हो गए हैं।
करनाल/पानीपत, जेएनएन। करनाल में कोरोना संक्रमण लगातार फैल रहा है। बुधवार की तरह ही गुरुवार को भी करनाल में 4 और कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। आज मिले कोरोना पॉजिटिव केस अर्जुन गेट, बालाजी कॉलोनी, मीरा घाटी व नीलोखेड़ी से संबंधित हैं। इससे भी ज्यादा बुरी खबर ये है कि कोरोना पॉजिटिव एक शख्स की मौत हो गई है। कोरोना से करनाल में यह दूसरी मौत है। करन विहार के रहने वाले 45 वर्षीय व्यक्ति जो कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में एडमिट थे वो कोरोना से जंग हार गए। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता और बढ़ गई है। आज मिले चार केस से करनाल में कोरोना केस की संख्या 72 हो गई है। यह 73 होती मगर एक शख्स की मौत होने से यह आंकड़ा 72 माना गया है। इसमें अब एक्टिव केस 45 हो गए हैं।
जिले में कोरोना के ग्राफ में लगातार इजाफा होता जा रहा है। बुधवार को जिले में चार नए केस मिले। इनमें तीन करनाल जिले व एक कैथल जिले का है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पॉजिटिव केसों में 1 केस फूसगढ़, 1 बदरपुर व 1 कुरलन का शामिल है। जबकि एक अन्य मामला कैथल का शामिल है। इन सबकी ट्रैवल हिस्ट्री बाहर की है। बदरपुर गांव में महिला 6 माह से पुणे में थी। दो जून को वापस लौटी थी। जांच में कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। इंद्री क्षेत्र के ही फूसगढ़ में दिल्ली टमाटर बेचने के लिए गया था।
दो जून को वापस लौटा तो जांच में कोरोना पॉजिटिव मिला। तीसरा केस कुरलन गांव में प्रवासी मजदूर का है। यह पानीपत में सब्जी बेचता था। कुछ दिन पहले गांव में धान की रोपाई के लिए आया था। टीम ने जांच की तो पॉजिटिव मिला। चौथा केस कैथल जिले से संबंधित है। नांदेड़ साहिब से ट्रेन से करनाल लौटे इस परिवार के सदस्यों के स्टेशन पर ही सैंपल लिए गए थे। बच्चे की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है, जबकि परिवार के सदस्यों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इसकी सूचना कैथल भिजवा दी गई है।
संबंधित क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन बनाया, बढ़ाई सख्ती
जहां कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए, उन सभी व्यक्तियों के संबंधित एरिया को कंटेनमेंट जोन तथा आस-पास के क्षेत्र को बफर जोन घोषित किया गया है। इन सभी का कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में इलाज शुरू कर दिया गया है। डीसी निशांत कुमार यादव के मुताबिक इंद्री खंड के गांव फूसगढ़ में कोरोना का केस पॉजिटिव पाया गया है। इस मामले को देखते हुए एहतियात के तौर पर जारी आदेश के तहत चंदवेश के मकान वाली गली, सुरेश पाल के घर से कदम ङ्क्षसह के घर तक के क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन तथा गांव फूसगढ़ को बफर जोन घोषित किया गया है। हालात से निपटने के लिए एक एक्शन प्लान तैयार किया गया है। इसके तहत इन क्षेत्रों के सभी संदिग्ध व्यक्तियों की जांच, टेस्ट करने के साथ-साथ उन्हें क्वारंटाइन, आइसोलेशन और शारीरिक दूरी में रखा जाएगा। इसके लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अलग-अलग प्रबंधों की जिम्मेदारी भी दी गई है।