पिता रात को वीडियो शूट करते, मां दिन में सिखाती, यूं स्टार बनीं हमारी बेटी जानवी
अजय सिंह पानीपत महानायक अमिताभ बच्चन के ट्वीट के बाद लिटल डांसर जानवी सुर्खियों में है। आ
अजय सिंह, पानीपत
महानायक अमिताभ बच्चन के ट्वीट के बाद लिटल डांसर जानवी सुर्खियों में है। आठ साल की जानवी का हर कोई मुरीद बन गया है। वीडियो शूट में उसके स्टैप्स और स्टेज पर उसका बेहतरीन प्रदर्शन साबित कर रहा है कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती। जागरण की टीम जानवी के घर पहुंची। मां दीक्षा ने बताया कि उसका सपना था अच्छी डांसर बनने का। बेटी को डांस करते देखती है तो लगता है कि वह खुद नाच रही है। पिता रात को घर आते हैं तो उसको तैयारी कराते हैं। फोटो करते हैं। वीडियो अपलोड कराते हैं।
जानवी की इस सफलता के पीछे मां-पिता की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। रात 8 बजे पिता सचिन के घर लौटने के बाद एक से डेढ़ घंटे तक वीडियो शूट करती है। ये तीन साल की अथक मेहनत ही है, जो आज रंग दिखा रही है।
गांधीगीरी से जवाब देते हैं पिता
बेटी का वीडियो पिता सचिन यू-ट्यूब चैनल, इंस्टाग्राम, मौजो, लाइकी जैसी एप पर अपलोड करते हैं, तो अधिकतर यूजर्स जानवी का डांस देख उसकी सराहना करते है। वहीं कुछ लोग बच्ची के डांस बारे अभद्र टिप्पणी भी कर देते है, तो पिता सचिन बेटी जानवी को ऐसी परिस्थितियों से सामना करने का तरीका सिखाते हैं। उन यूजर्स की पोस्ट पर अच्छे कमेंट करते है। फिर बाद में अक्सर लोग अपनी गलती को मानकर माफी मांगते हैं।
बेटी के लिए करूंगी हर प्रयास
मां दीक्षा ने बताया कि वह पांच बहनों में सबसे छोटी है। बचपन से ही उन्हें डांस करने का शौक था, लेकिन किसी कारणवश अपना ख्वाब पूरा नहीं कर पाई। बेटी पैदा हुई तो सपना साकार करने की आस जगी। खेलने-कूदने की उम्र में ही जानवी को डांस सिखाने की कोशिश की। जानवी जल्द ही सीखने लगी। लोगों ने सराहना की तो उत्साह बढ़ा, उसके बाद शुरू हुआ डांस का जूनून आज जानवी को लिटल डांसर की पहचान दिला चुका है।
अब आ रहे ऑफर
महानायक अमिताभ बच्चन से पहले पंजाबी गायक मिस पूजा, शेरा बाजवा भी जानवी के वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर कर चुके हैं। पांच साल की उम्र में मेरी बेटी सुपर स्टार प्रतियोगिता में भाग लेकर ग्रैंड फिनाले तक पहुंची थी। दिसंबर 2019 में छह साल की उम्र में जानवी ने इंडिया नेक्सट मास्टर किड्स प्रतियोगिता में भाग लिया था। अब महानायक के ट्वीट के बाद जानवी को काफी गानों और डांस ऑडिशन के ऑफर आ रहे हैं।