राष्ट्रीय स्वच्छ सर्वेक्षण में करनाल ने लगाई छलांग, मिला 17वां स्थान, पानीपत 160वें पर
Swachh Survekshan 2020 करनाल की राष्ट्रीय स्वच्छ सर्वेक्षण में पिछली बार 24वां 2018 में 41वां और 2017 में 65वीं रैंक थी। वहीं इस बार सर्वेक्षण में 17वां स्थान मिला है।
पानीपत/करनाल, जेएनएन। कोरोना महामारी से जंग के बीच करनाल और पूरे हरियाणा के लिए सुखद खबर सामने आई है। करनाल को केंद्रीय स्तर पर हुए स्वच्छता सर्वेक्षण-2020 के तहत एक से दस लाख आबादी के शहरों की राष्ट्रीय सूची में 17वां स्थान हासिल हुआ है। गत वर्ष करनाल 24वें स्थान पर रहा था। करनाल का कुल स्कोर 4677.07 प्वाइंट रहा। जबकि सूची में पहले स्थान पर रहे अम्बिकापुर को 5428.31 प्वाइंट हासिल हुए।
करनाल में साल-दर-साल रैंकिंग में सुधार है। उल्लेखनीय है कि 2017 में करनाल को 65वां स्थान, 2018 में 41वां तथा 2019 में 24वां स्थान मिला था। इस दृष्टि से परखने पर करनाल से 2020 में सात पायदान की छलांग लगाते हुए प्रदर्शन में खासा सुधार किया है। हालांकि, प्रशासनिक स्तर पर राष्ट्रीय स्तर पर टॉप टेन का लक्ष्य हासिल करने की दिशा में किए गए प्रयास इस साल भी अंजाम तक नहीं पहुंच सके।
वहीं स्वच्छ सर्वेक्षण रैकिंग में करनाल के अलावा पानीपत, अंबाला, यमुनानगर जींद और कैथल भी शामिल हैं। हालांकि अंबाला की 120वीं, यमुनानगर की 147वीं और पानीपत की 160वीं रैंक मिली है। इसके अलावा जींद की 168वीं और कैथल की 199वीं रैंक है।
Garbage free city में मिलेे थे तीन स्टार
देशभर के कूड़ा मुक्त शहरों में हरियाणा सीएम सिटी करनाल को थ्री स्टार का तमगा मिला था। गारबेज फ्री सिटी को लेकर संबंधित मंत्रालय की ओर से बीते सितंबर माह में थर्ड पार्टी से मूल्यांकन करवाया गया था।
स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर स्थान के लिए टीम वर्क के आधार पर काम किया गया है। इसमें सबसे ज्यादा योगदान सफाई कर्मी का रहा। इसके लिए विशेष योजना तैयार की गई थी। सामान्य दिनों से लेकर कोरोना काल में भी दैनिक कचरा उठाने का काम नहीं रोका गया। सफाई कर्मी लगातार अपने मोर्चे पर डटे रहे। नगर वासियों ने भी आपेक्षित सहयोग किया। प्रयास है कि अगली बार टॉप टेन में आने का लक्ष्य हासिल कर लिया जाए।
धीरज कुमार, उपनिगमायुक्त, करनाल
ये उपलब्धि गर्व पूर्ण है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में स्थानीय जन प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम स्वच्छता की मुहिम को तेजी से आगे बढ़ा रही है। इसके लिए नागरिकों से भी लगातार फीड बैक लिया जाता है। जिसके आधार पर सुधार के प्रयोस भलीभूत हो रहे हैं।
रेनू बाला गुप्ता, मेयर, करनाल
ये भी पढ़ें: होनहार ने नहीं मानी हार, उधार रुपये ले कराई रि-चेकिंग, हुआ गजब का कारनामा
ये भी पढ़ें: भारतीय महिला हॉकी कप्तान रानी के लिए 2020 स्वर्णिम, अब खेल रत्न की सिफारिश
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें