यमुनानगर के गांव में एक बार फिर घुसा तेंदुआ, गेहूं के खेत में छिपा
यमुनानगर के खिजरी गांव में एक बार फिर तेंदुआ देखा गया। इससे गांव के लोगों में दहशत का माहौल है। वन्य विभाग की टीम तेंदुए को खोज रही।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। यमुनानगर में प्रतापनगर के गांव खिजरी के खेतों में एक बार फिर तेंदुआ घुस आया जिससे दहशत फैल गई। एक सप्ताह पूर्व भी गेहूं के खेत में तेंदुआ आया था जिसने एक किसान को हमला कर जख्मी कर दिया था। शाम को तेंदुए के गांव में घुसने की सूचना मिलते ही वन्य प्राणी विभाग की टीम ने गांव में डेरा डाल दिया।
बुधवार की शाम सुलेख चंद धीमान खेतों में कार्य कर रहे थे। तभी शाम करीब छह बजे उन्हें खेत में तेंदुआ दिखा। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। तुरंत वन्य प्राणी विभाग को सूचना दी। रेंज अफसर कुलदीप का कहना है कि गांव में टीम गई है। तेंदुए की तलाश की जा रही है। तेंदुआ गेहूं के खेत में छिपा हुआ है।
कलेसर नेशनल पार्क के नजदीक लगता है गांव
अक्सर इस इलाके में तेंदुए निकल आते हैं, क्योंकि कुछ ही दूरी पर कलेसर नेशनल पार्क है। वहां से भटककर या फिर पानी की तलाश में तेंदुए जंगल से बाहर आते हैं। कुत्ते व बकरियों को वह निशाना बनाते हैं। इस समय लॉकडाउन लगा हुआ है और सड़कें भी सुनसान है।
बता दें कि पिछले दिनों गांव खिजरी में जंगल के साथ लगते खेतों में किसान गेहूं कटाई कर रहे थे। कुटीपुर निवासी अजय कुमार भी कंबाइन लेकर खेत पर पहुंचा। तभी तेंदुआ सामने आया और हमला बोल दिया। किसी तरह से वह बचकर भागा। तेंदुए को देखकर खेतों में काम कर रहे किसानों में हड़कंप मच गया। लोगों ने शोर मचाना शुरू किया तो तेंदुआ भागा। इसके बाद वन्य विभाग की टीम ने सर्च अभियान चलाया। देर शाम देखा गया कि तेंदुआ कलेसर जंगल की तरफ भाग गया। इसके बाद ही गांव वालों ने राहत की सांस ली।
ये भी पढ़ें: ड्यूटी कर रहे चौकीदार की निर्मम हत्या, डंडा छीनकर पीट-पीटकर मार डाला
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें