Lakhimpur Kheri Violence : लखीमपुर खीरी जा रहे सिद्धू को पुलिस ने उत्तर प्रदेश बार्डर पर रोका, कार्यकर्ता धरने पर बैठे
पंजाब कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जा रहे थे। सहारनपुर बार्डर पर पुलिस ने उन्हें रोक लिया। उन्हें आगे नहीं जाने दिया गया। कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। सिद्धू धरने पर बैठ गए हैं।
यमुनानगर, जागरण संवाददाता। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जा रहे पंजाब कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू के काफिले को सहारनपुर के सरसावा थाना क्षेत्र की शाहजहांपुर चेकपोस्ट पर पुलिस ने वीरवार को रोक लिया। सिद्धू का काफिला पुलिस बेरिकेडिंग को तोड़कर उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर गया। इस दौरान जिला प्रशासन व पुलिस अधिकारियों की सिद्धू से नोकझोंक भी हुई।
नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब से सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ लखीमपुर के लिए रवाना हुए थे। इसकी सूचना उत्तर प्रदेश प्रशासन को लग गई। इस सूचना के बाद जिला प्रशासन अलर्ट हो गया था। सुबह करीब 10 बजे सहारनपुर डीएम अखिलेश सिंह, एसएसपी डा. एस चनप्पा, एसपी सिटी राजेश कुमार सहित आला अधिकारी पुलिस बल के साथ यमुनानगर-सहारनपुर बार्डर पर डट गए। करीब दो बटालियन पीएसी बल शाहजहांपुर चेकपोस्ट पर तैनात कर दी गई। सिद्धू का काफिला करीब साढ़े तीन बजे जैसे ही यमुनानगर-सहारनपुर बार्डर पर पहुंचा तो पुलिस ने बेरिकेडिंग के सामने जिला के आलाधिकारी और पुलिस बल खड़ा हुआ था।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बेरिकेडिंग को हटाने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने जबरन उन्हें रोक दिया। ऐसे में नवजोत सिंह सिद्धू भी गाड़ी से उतरकर अधिकारियों से बात करने के लिए पहुंचे। अधिकारियों और सिद्धू में गहमा-गहमी हो गई। जिससे नाराज कार्यकर्ताओं ने बेरिकेडिंग तोड़कर आगे निकलने का प्रयास किया। जिसमें कार्यकर्ता सफल भी हो गए, लेकिन पुलिस बल ने सभी कार्यकर्ताओं को रोक दिया। पुलिस नवजोत सिंह सिद्धू को शाहजहांपुर चौकी में ले गई। जहां उन्होंने अधिकारियों से बात की।
धरने पर बैठे कार्यकर्ता
नवजोत सिंह सिद्धू को रोके जाने के बाद सिद्धू समर्थक धरने पर बैठ गए। पुलिस ने उन्हें हटाने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी हटने को तैयार नहीं था। जिला प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए सरसावा क्षेत्र की नेट सेवाएं बंद कर दी। जिससे आमजन को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। कांग्रेसियों के सड़कों पर आने से सहारनपुर-अंबाला हाईवे पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने बड़े वाहनों को हरिद्वार-पंचकूला हाईवे से निकाला।