कुरुक्षेत्र के इस स्कूल में बनेगी जिले की पहली गणित लैब, जानें क्या मिलेंगी सुविधाएं
कुरुक्षेत्र में गणित के विद्यार्थी अब आसानी से सवालों को हल कर पाएंगे। कुरुक्षेत्र के एसएमबी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जिले की पहली गणित की लैब बनने जा रही है। इस लैब से बच्चों को पढ़ाई में काफी मदद मिलेगी। इसमें क्या सुविधाएं मिलेंगी इस रिपोर्ट को पढ़ें और जानें।
कुरुक्षेत्र, जागरण संवाददाता। श्रीमद्भगवद गीता वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुरुक्षेत्र में जिला की सबसे पहली गणित लैब बनाई जाएगी। इस लैब की खासियत होगी की इसमें केवल गणित विषय से संबंधित माडल और अन्य सामान उपलब्ध करवाया जाएगा। यह ऐसी पहली लैब होगी जिसमें केवल गणित विषय को ही ध्यान में रखकर तैयार करवाया गया है। इस लैब से एक खास बात और जुड़ी है कि यह लैब विद्यालय के पूर्व छात्रों ने अपने गणित के शिक्षक रहे स्वर्गीय बृज लाल की याद में बनवाई है। इस लैब का शुभारंभ भी उन्हीं शिक्षक की पुण्यतिथि पर 29 जनवरी को किया जाएगा।
गौरतलब है कि श्रीमद्भगवद गीता वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्वर्गीय बृृज लाल ने लंबे समय तक गणित की पढ़ाई करवाई। वह अपने समय के ऐसे कड़क शिक्षक रहे हैं कि छात्रों को उनके घरों से पकड़कर भी स्कूल ले आते थे। विद्यालय में वह ऐसे शिक्षक रहे हैं जो अपने छात्रों को गणित में पारंगत करने के लिए सुबह और शाम अतिरिक्त कक्षाएं लगाते थे। केवल इतना ही नहीं अनुशासन के मामले में भी उनका कोई सानी नहीं था। वह अपनी कक्षा में निरंतर पढ़ाई करवाने के साथ-साथ पूरे विद्यालय की व्यवस्था पर भी बराबर नजर रखते थे। उनकी इसी लग्न के चलते स्कूल के सभी विद्यार्थी उनका पूरा आदर और सम्मान करते थे। इसके बदले वह ही छात्रों को पूरा प्यार देते थे। उनके इसी अनुशासन की बदौलत विद्यालय के पढ़कर निकले कई विद्यार्थियों ने नामचीन पदों पर काम किया।
अपने शिक्षक के जन्मदिन पर दी थी कार
विद्यालय के पढ़ाई कर विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में ऊंचे-ऊंचे पदों पर काम करने वाले इन्हीं पूर्व छात्रों ने अपने शिक्षक बृज लाल को एक कार भी उपहार स्वरूप भेंट की थी। अब उनके निधन के बाद उनकी याद में विशेष गणित लैब बनवाई जा रही है।
गणित के शिक्षक को समर्पित रहेगी गणित लैब
पूर्व छात्र डा. पंकज शर्मा, दीपक चोपड़ा और संजय चौधरी ने बताया कि यह गणित लैब उनके शिक्षक रहे स्वर्गीय बृज लाल को समर्पित रहेगी। गणित के शिक्षक रहे बृज लाल ने जीवन भर हजारों विद्यार्थियों को गणित सिखाया। अब उनकी याद में आधुनिक तरीके से तैयार की गई गणित लैब भावी पीढ़ी के लिए गणित की पढ़ाई को आसान करेगी। वह इस लैब का उद्घाटन भी अपने शिक्षक स्वर्गीय बृज लाल की पुण्यतिथि पर करेंगे।