दुष्कर्म मामले में सीएम की टिप्पणी पर कांग्रेस का पलटवार, अब राज्यसभा सांसद ने ये कहा
दुष्कर्म के मामलों में सीएम मनोहर लाल की ओर से की गई टिप्पणी पर विपक्षियों ने घेरना शुरू कर दिया है। विपक्षियों को एक मुद्दा मिल गया है। जानिए किस तरह से हो रहा विरोध।
पानीपत, जेएनएन। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ओर से दुष्कर्म के मामले में दिए विवादित बयान की राज्यसभा सांसद कुमारी सैलजा ने कड़ी आलोचना की है। तुरंत इस बयान पर माफी मांगने की बात कही है। उन्होंने साफ कहा कि अगर उन्होंने ऐसा नहीं किया तो प्रदेश की महिलाएं सड़कों पर उतरकर विरोध करेंगी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने बयान में कहा कि भाजपा सरकार में दुष्कर्म की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में राज्य सरकार को ऐसी वारदातें रोकने की बजाय स्थिति के लिए महिलाओं को ही जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
इस पर भी एतराज
इस बयान पर भी कड़ा ऐतराज जताया कि दुष्कर्म की घटनाए बढ़ी नहीं है अपितु पहले भी ऐसी घटनाएं होती थी। सीएम को दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं पर चिंता करनी चाहिए थी। राज्य सभा सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि अगर सीएम ने अपने विवादित बयान पर माफी नहीं मांगी तो उनके खिलाफ सड़कों पर उतरकर कांग्रेस विरोध करेगी। ऐसे बेहुदा बयान देने से पहले सीएम को उन महिलाओं का दर्द समझना चाहिए था जोकि दुष्कर्म जैसी वारदातों की शिकार हो चुकी हैं। एक रिपोर्ट का हवाला देकर कहा कि प्रदेश में महिलाओं के प्रति अपराधों में बहुत वृद्धि हुई है। भाजपा राज में तो दुष्कर्म की घटनाएं 47 प्रतिशत तक बढ़ गई हैं।
मोदी सरकार करे कार्रवाई
मोदी सरकार को सीएम के विवादित बयान पर संज्ञान लेना चाहिए। महिला सशक्तिकरण के नाम पर ये लोग बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा दे रहे हैं। ऐसे में प्रदेश की बेटियों के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणियां कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीएम को ऐसी टिप्पणी कदापि शोभा नहीं देती।
यहां से शुरू हुआ विरोध
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का एक बार फिर अपने एक बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। हाल ही में वह शुक्रवार पंचकुला जिले के कालका शहर में एक समारोह शामिल होने गए थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि दुष्कर्म की घटनाए बढ़ी नहीं है। ये पहले भी होती थी और आज भी होती हैं लेकिन इन सबके बीच सबसे बड़ी चिंता यह है कि अधिकांश घटनाएं जानकारों के बीच होती हैं।