Kisan Mahapanchayat Kurukshetra : किसान महापंचायत में आंदोलन को मजबूत बनाने की हुंकार, 27 को भारत बंद की तैयारी पूरी की
Kisan Mahapanchayat Kurukshetra हरियाणा के कुरुक्षेत्र में किसान महापंचायत शुरू हो गई। महांपचायत पंजाब के पटियाला से सटे कुरुक्षेत्र के इस्माईलाबाद की अनाजमंडी में हो रही है। किसान महापंचायत से भारत बंद का एलान करते हुए कहा गया कि सुबह छह से शाम चार बजे तक भारत बंद रहेगा।
इस्माईलाबाद (कुरुक्षेत्र), संवाद सहयोगी। Kisan Mahapanchayat in Kurukshetra: संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर पंजाब के पटियाला जिले से सटे हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के इस्माईलाबाद कस्बे में बुधवार को किसान महापंचायत की गई। कुरुक्षेत्र सहित आसपास के जिलों से भारी संख्या में किसान बारिश के बीच महापंचायत में पहुंचे। किसानों ने तीनों कृषि कानूनों को रद करने की हुंकार एक बार फिर भरी और मांगों को लागू होने तक विरोध जारी करने की बात कही। किसान महापंचायत में भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी सहित पंजाब के कई किसान नेता पहुंचे। पंजाब के किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल और राकेश टिकैत पंचायत में नहीं पहुंचे। हालांकि पहले उनके आने का कार्यक्रम बताया जा रहा था।
गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि किसान तीनों कृषि कानूनों को मानने से इन्कार कर चुके हैं, लेकिन सरकार इनको लागू करने पर अड़ी हुई है। इनके लागू होने प्रदेेश का किसान, व्यापारी और मजदूर प्रभावित होगा। लोग चंद पूंजीपतियों के हाथ की कठपुतलियां बन जाएंगे या फिर खेती छोडऩे को मजबूर होना पड़ेगा। नौ महीने के आंदोलन में करीब छह सौ किसान अपनी जान गवां चुके हैं। वे भी अपने अधिकारों के लिए शहीद होने को तैयार हैं।
सरकार कर रही किसानों को बदनाम
किसान नेता राकेश बैंस ने बताया कि किसानों ने प्रदेश का कोई भी जीटी रोड बंद नहीं कर रखा। नौ महीने पहले किसान दिल्ली जाकर अपनी बात रखना चाहते थे, लेकिन दिल्ली बोर्डर पर दिल्ली पुलिस ने बैरीकेड्स लगाकर रोक रखा है। किसान जीटी रोड के एक तरफ सर्विस लेन पर बैठे हैं। अब कोर्ट में सरकार किसानों से बात कर रास्ता खुलवाने की बात कह रही है, जबकि किसान या संयुक्त किसान मोर्चा इसमें पार्टी नहीं है। सरकार किसानों की मांगों को मानने की बजाय आंदोलन को बदनाम करने की सोच के साथ काम कर रही है। किसान भाजपा व जजपा के नेताओं का विरोध कर रहे हैं। सरकार जान बूझकर ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां करवा रहे हैं।
27 को ट्रेन और बस के साथ पूरा भारत बंद होगा
भाकियू नेता जय सिंह ने कहा वैक्सीन का बहिष्कार किया जाएं। किसान नेता जसबीर सिंह मामू माजरा ने कहा हरियाणा में खाद की जबरदस्त कमी होने वाली है, अब नेताओं के साथ गोदामों का घेराव किया जाएगा। युवा भाकियू प्रदेश अध्यक्ष रवि आजाद ने कहा कि 27 सितंबर को ङ्क्षहदुस्तान बंद रहेगा। रेल और सड़क यातायात के साथ बाजार व अन्य स्थल बंद रहेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब, उप्र. व गुजरात में अगले साल होने वाले चुनाव में भाजपा का बहिष्कार किया जाएगा किसान पंचायत में पंजाब के किसान नेता बलदेव सिंह जीरा और संयुक्त किसान मोर्चा से दर्शन पाल सिंह पहुंचे। चंडीगढ़ से महिला नेत्री राज कौर ने पंजााब का उदाहरण देते हुए प्रदेश सरकार पर भी हमला बोला। भाकियू महिला विंग प्रदेशाध्यक्ष सुमन हुड्डा ने कहा 27 को शटर डाउन और पहिया जाम बंद होगा।