फेसबुक पर पोस्ट डाली तो खुर्दा संचालक हो गया खफा, प्रॉपर्टी डीलर को पीट दिया Panipat News
खुर्दा संचालक ने फेसबुक पोस्ट डालने पर प्रोपर्टी डीलर को पीट दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पानीपत, जेएनएन। फेसबुक पोस्ट डालने से नाराज खुर्दा संचालक ने प्रोपर्टी डीलर से मारपीट की। आरोपित ने साथियों संग प्रोपर्टी डीलर के सिर पर ताबड़तोड़ डंडे मारे। उसकी सिर की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया। बेसुध होकर गिरे प्रोपर्टी डीलर को किसी तरह उसके दोस्त ने अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपित खुर्दा संचालक समेत दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज जांच शुरू कर दी है।
घायल प्रोपर्टी डीलर मनीष ने बताया कि खुर्दा संचालक पंकज निवासी महादेव कॉलोनी उसका जानकार है। बीते 16 अक्टूबर की रात को फेसबुक पर फोटो पोस्ट डालने को लेकर उनका आपस में झगड़ा हो गया था।
बीते 17 अक्टूबर को राजीनामे के बहाने पंकज ने उसे अपने घर बुलाया तो वह दोस्त विक्की निवासी दुष्यंत नगर के साथ चला गया। पंकज घर पर नहीं मिला तो उसके आने का इंतजार करने लगे। थोड़ी देर बाद पंकज, प्रवीन, प्रवीन के भाई और एक अन्य युवक ने घर आते ही उस पर डंडे बरसाने शुरू कर दिए।
घायल मनीष ने आइ-फोन निकाल कर पुलिस को सूचना देने की कोशिश की तो आरोपितों ने उसका फोन भी तोड़ दिया। आरोप है कि आरोपितों ने उसके साढ़े पांच हजार रुपये भी छीन लिये। जांच अधिकारी एएसआइ राजपाल ने बताया कि आरोपितों की तलाश जारी है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।