Move to Jagran APP

72 साल की उम्र में JJP MLA ईश्वर सिंह ने दी ऑनलाइन परीक्षा, तीसरी बार कर रहे हैं एमए

हरियाणा की जननायक जनता पार्टी के विधायक ईश्‍वर सिंह ने 72 साल की उम्र में परीक्षा दी है। प्राइवेट स्‍टूडेंट के तौर पर ईश्‍वर सिंह ने ऑनलाइन परीक्षा दी है। जजपा विधायक तीसरी बार एमए कर रहे हैं।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Published: Mon, 05 Oct 2020 12:58 PM (IST)Updated: Mon, 05 Oct 2020 06:00 PM (IST)
72 साल की उम्र में JJP MLA ईश्वर सिंह ने दी ऑनलाइन परीक्षा, तीसरी बार कर रहे हैं एमए
ऑनलाइन एमए की परीक्षा देते जेजेपी विधायक ईश्‍वर सिंह।

कैथल/चंडीगढ़, जेएनएन। कहते हैं शिक्षा और सीखने की कोई उम्र नहीं होती। इसे साबित किया है हरियाणा की जननायक जनता पार्टी के वरिष्‍ठ विधायक ईश्‍वर सिंह ने। ईश्‍वर सिंह ने कोरोना संकट के दौरान लॉेकडाउन को एक अवसर के रूप में लिया और पढ़ाई में जुट गए। इसके बाद उन्‍होंने 72 साल की उम्र में कुरुक्षेत्र विश्‍वविद्यालय से ऑनलाइन परीक्षा दी है। वह तीसरी बार एमए कर रहे हैं।

loksabha election banner

कोरोना काल में 'आपदा को अवसर' बनाया जेजेपी विधायक ईश्‍वर सिंह ने

कैथल जिले के गुहला से विधायक ईश्वर सिंह के कोरोना काल में जो कुछ किया है वह हर किसी को प्रेरित करने वाला है। 72 वर्षीय ईश्वर सिंह ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से राजनीतिक विज्ञान की एमए की प्रथम वर्ष की परीक्षा दी है। ईश्‍वर सिंह ने राजनीतिक विज्ञान में एमए के लिए प्राइवेट स्‍टूडेंट के तौर पर खुद को कुरुक्षेत्र विश्‍वविद्यालय (केयू) पंजीकृत किया था। इसके बाद उन्‍होंने लॉकडाउन के समय का सदुपयोग कर पढ़ाई की और घर पर ही ऑनलाइन परीक्षाएं दी।

शनिवार को उनका आखिरी एग्जाम था और उनका कहना है कि सभी पेपर अच्छे हुए हैं। ईश्वर सिंह ने इससे पहले पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन और इतिहास में भी एमए की है। यही नहीं, वे एलएलबी और एलएलएम भी कर चुके हैं। कमाल की बात ये है कि उन्होंने ये सभी डिग्रियां जीवन के उस पड़ाव में की जब आमतौर पर इन्सान पढ़ाई लिखाई से निपट कर पूरी तरह कामकाजी हो जाता है। ये सभी डिग्रियां करने से पहले ईश्वर सिंह 1977 में हरियाणा विधानसभा के सदस्य बन चुके थे और उस वक्त वे सिर्फ दसवीं पास थे। दसवीं के बाद जेबीटी कर वे कुछ समय अध्यापक रहे और एमरजेंसी के वक्त राजनीति में आ गए।

 ईश्वर सिंह बताते हैं कि दसवीं पास विधायक तो वे बन गए लेकिन राजनीतिक उठापठक के बीच उसी कार्यकाल के दौरान उन्हें हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड का चेयरमैन बनने का भी अवसर मिल गया। यह थी तो एक उपलब्धि लेकिन ईश्वर सिंह के मन के भीतर ये बात चुभने लगी कि वह राज्य के बारहवीं तक के बच्चों के लिए नीतियां बनाने जा रहे हैं जबकि वे खुद दसवीं पास ही हैं। बोर्ड की दूसरी मीटिंग के बाद ही उन्होंने इस्तीफा दे दिया और निश्चय किया कि अपने जीवन के इस अधूरेपन को पूरा करेंगे।

विधायक का कार्यकाल समाप्त होते ही उन्होंने आगे की पढ़ाई शुरू कर दी। 27 साल की उम्र में विधायक बने ईश्वर सिंह ने जीवन के 34वें साल में 12वीं और 37 वर्ष की उम्र में स्नातक की डिग्री ली। इसके तुरंत बाद उन्होंने इतिहास से एमए की। एमए की परीक्षा देते समय उस वक्त के कुुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर ने उन्हें एलएलबी करने की सलाह दी। 42 वर्ष की उम्र में ईश्वर सिंह ने एलएलबी भी कर ली और 6 महीने तक कुरुक्षेत्र मं् वकालत की। वे आज भी कुरुक्षेत्र बार एसोसिएशन के सदस्य हैं। बाद में उन्होंने पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में भी एमए की।

 ईश्वर सिंह ने हाल की परीक्षा ऑनलाइन माध्यम से दी है। वे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट से तय समय पर परीक्षा पत्र डाउनलोड करते हैं और फिर उसके जवाब तैयार करते हैं। उत्तर पुस्तिका को स्कैन कर वे इमेल के जरिये तीन घंटे के तय समय में विश्वविद्यालय की दी हुई इमेल पर भेज देते हैं। उनका कहना है कि तकनीक नई जरूर है लेकिन परीक्षा का महत्व जीवन में इतना अधिक है कि उन्होंने इस तकनीक को भी सीख लिया।

ईश्वर सिंह कहते हैं कि उनके राजनीतिक जीवन में उनकी पढ़ाई लिखाई और शिक्षा से जुड़े रहने का बहुत सहयोग मिला है। इसी लगन की बदौलत वे देश की सबसे बड़ी पंचायत संसद के ऊपरी सदन राज्यसभा पहुंचे और फिर देश के अनुसूचित जाति आयोग में सदस्य बनने का भी उन्हें अवसर मिला।

इस वक्त हरियाणा विधानसभा में जननायक जनता पार्टी के विधायक के तौर पर वे विधानसभा की महत्वपूर्ण समिति के चेयरमैन हैं और वहां भी अपना काम पूरी सजगता के साथ करते हैं। ईश्वर सिंह का कहना है कि इन्सान को जीवन में जब भी कुछ सीखने का अवसर मिले, तभी उसे ग्रहण कर लेना चाहिए और आगे बढ़ते रहना चाहिए।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.