जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला ने कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा, सपना पर चुप्पी Panipat News
जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला समालखा में कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे। उन्होंने प्रदेश में बढ़ रहे अपराध पर भाजपा सरकार को घेरा। वहीं दिग्विजय के बयान पर चुप्पी साधे रहे।
पानीपत, जेएनएन। जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो चुकी है। सिटी सिटी में डॉक्टर को गोली मार दी जा रही। प्रदेश में कोई भी दिन ऐसा नहीं जाता कि लूट, डकैती और रेप न होते हों। उन्होंने कहा कि खुद को ईमानदार बताने वाले मुख्यमंत्री ने प्रदेश को दागदार बना दिया। दुष्यंत चौटाला समालखा में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
दुष्यंत ने कहा कि आपराधिक मामलों में प्रदेश ने बिहार को भी पीछे छोड़ दिया। कार्यकर्ताओं को पिछली हार भुलाकर जन संपर्क तेज करने को को कहा। उन्होंने कहा कि लोकसभा में मोदी के नाम पर वोट लिए। लेकिन विधानसभा में मुद्दे स्थानीय होते है। मनोहर सरकार ने जनता हित में कोई काम नहीं किया।
ये वादे किए
उन्होंने कहा कि जेजेपी की सरकार बनी तो महिलाओं की पेंशन की उम्र 55 साल करेंगे। साथ ही कर्ज से परेशान किसान और व्यापारी को लाभ देंगे। उनका कर्ज माफ होगा। फैक्ट्रियों में भी 75 फीसद स्थानीय लोगों को नौकरी दी जाएगी। कार्यकर्ताओं से कहा कि पहले वाली गलती न करें और हार को भूल जाएं। अब नए सिरे से अभियान तेज करें और जेजेपी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाए। कार्यक्रम के दौरान दुष्यंत चौटाला पत्रकारों से दूरी बनाए रखे। उन्होंने सपना चौधरी पर दिग्विजय की टिप्पणी को लेकर कुछ नहीं कहा।