जेजेपी के हरियाणा प्रदेश सचिव विनोद सिंगला का ब्लैक फंगस से निधन, डिप्टी सीएम ने जताया शोक
जननायक जनता पार्टी के हरियाणा के प्रदेश सचिव विनोद सिंगला का ब्लैक फंगस से निधन हो गया। करनाल के कल्पना चावला में उनका इलाज चल रहा था। उनकी पत्नी पत्नी पदमा सिंगला जींद जिला परिषद की चेयरमैन रह चुकी हैं।
जींद, जागरण संवाददाता। जेजेपी के वरिष्ठ नेता और जिला परिषद की पूर्व चेयरमैन पदमा सिंगला के पति विनोद सिंगला का सोमवार सुबह निधन हो गया। कई दिन पहले वे कोरोना की चपेट में आ गए थे। करीब डेढ़ महीना पहले उन्हें कोरोना हो गया था। कोरोना को तो हरा दिया था, लेकिन इसके बाद उन्हें ब्लैक फंगस हो गई।
मेदांता अस्पताल में इलाज कराया। इस दौरान एक आंख भी खत्म हो गई थी। बाद में उन्हें करनाल के कल्पना चावला अस्पताल में दाखिल कराया गया। करीब दस दिन पहले तक वह ठीक थे और फोन पर भी बात कर रहे थे। लेकिन सोमवार सुबह ब्लैक फंगस के कारण उनकी मौत हो गई।
सफीदों हलके के वरिष्ठ नेता थे
विनोद सिंगला सफीदों हलके के वरिष्ठ राजनेताओं में शुमार थे। करीब डेढ़ महीना पहले ही जेजेपी ने उन्हें प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी सौंपी थी और उनकी पत्नी पदमा सिंगला सिंगला को भी संगठन में जगह दी थी। विनोद सिंगला भी कई साल से राजनीति में सक्रिय थे, लेकिन विधानसभा चुनाव लड़ने का सौभाग्य नहीं मिला।
चौधरी बीरेंद्र सिंह के थे करीबी
पहले वह चौधरी बीरेंद्र सिंह के करीबी थे। बीरेंद्र सिंह ने कांग्रेस छोड़ी, तब वह भी कांग्रेस छोड़कर उनके साथ भाजपा में आ गए थे। बीरेंद्र सिंह व उनकी विधायक पत्नी प्रेमलता के आशीर्वाद से उनकी पत्नी पदमा सिंगला जींद जिला परिषद की चेयरमैन बनी थी। लेकिन बाद में उनकी बीरेंद्र सिंह से इतनी ज्यादा बिगड़ गई थी कि उन्होंने भाजपा को अलविदा कह दिया और बीरेंद्र सिंह व प्रेमलता पर कई गंभीर आरोप लगाए थे।
जेजेपी में हो गए थे शामिल
विनोद सिंगला की खासियत यह थी कि वह किसी के दबाव में आने वाले नेता नहीं थे। जो कहना होता था, मुंह पर कह देते थे। इसी कारण उनकी अक्सर बड़े नेताओं व अधिकारियों से बिगड़ जाती थी। भाजपा छोड़ने के बाद वह इनेलो में शामिल हो गए थे, लेकिन जब इनेलो दोफाड़ हुई तो वह दुष्यंत चौटाला का साथ देते हुए जेजेपी में शामिल हो गए। जेजेपी ने उन्हें पूरा मान-सम्मान दिया और संगठन में बड़ा पद दिया।
बीते विधानसभा चुनाव में विनोद सिंगला सफीदों हलके से जेजेपी की टिकट के दावेदार थे। उनके निधन पर डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, जेजेपी के जिला प्रधान कृष्ण राठी, विधायक अमरजीत ढांडा, कांग्रेस विधायक सुभाष गांगोली, भाजपा नेता कलीराम पटवारी, कर्मवीर सैनी, इनेलो जिला प्रधान रामफल कुंडू समेत सभी नेताओं ने गहरा शोक जताया है। सोमवार को पिल्लूखेड़ा में उनका अंतिम संस्कार किया गया।