डिवाइडर से टकराकर पलटी जीप, हादसा देखने रुके तीन को बस ने मारी टक्कर
जीटी रोड के पानीपत लेन पर कपूर फैक्ट्री के नजदीक विपरीत दिशा से आ रहे वाहन की लाइट आंखों पर पड़ने से थार जीप असंतुलित होकर डिवाइडर से टकराकर दिल्ली लेन पर पहुंच गई। हादसे में चालक शाहाबाद कुरुक्षेत्र का अनमोल घायल हो गया।
जागरण संवाददाता, समालखा : जीटी रोड के पानीपत लेन पर कपूर फैक्ट्री के नजदीक विपरीत दिशा से आ रहे वाहन की लाइट आंखों पर पड़ने से थार जीप असंतुलित होकर डिवाइडर से टकराकर दिल्ली लेन पर पहुंच गई। हादसे में चालक शाहाबाद कुरुक्षेत्र का अनमोल घायल हो गया। पीछे से किसी वाहन के नहीं आने से बड़ा हादसा टल गया। अनमोल की कुछ माह पहले शादी हुई थी। वह अपनी पत्नी को अपने ससुराल सोनीपत में छोड़कर अकेला घर लौट रहा था। हादसा सोमवार रात करीब 11:15 बजे का है। पुलिस ने चालक को सिवाह के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। क्रेन की मदद से जीप को किनारे कर यातायात को सामान्य किया। इस दौरान हथवाला के तीन युवक आशिफ, सादिक और मोहसीन बाइक से पानीपत से घर लौट रहे थे। दुर्घटनाग्रस्त जीप को देखने और मदद करने रुक गए। अंधेरे में दिल्ली की ओर जा रही बस ने उन्हें टक्कर मार दी। तीनों को काफी चोटें लगी। सिविल अस्पताल, पानीपत में उपचार के बाद उनके एक साथी को गंभीर चोट के कारण रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया गया।