विधायक अभय चौटाला ने कहा, स्वार्थी ज्यादा दिन सत्ता में नहीं रह सकते
सेक्टर 25 स्थित लक्ष्मी गार्डन में शनिवार को कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के लिए खेल रत्न व ऐलनाबाद से विधायक अभय चौटाला पहुंचे।
पानीपत, जेएनएन। स्वार्थ की राजनीति करने वाले ज्यादा दिन सत्ता में नहीं सकते हैं। चुनाव से पहले जो वादे किए गए उनमें से एक भी पूरे नहीं हुए। स्वार्थियों ने कुछ लोगों को बहका कर अपने साथ जोड़ लिया। आप लोग इनेलो संगठन को मजबूत बना कर स्वार्थियों के चंगुल से उन कार्यकर्ताओं को वापस पार्टी में लाओ। सेक्टर 25 स्थित लक्ष्मी गार्डन में शनिवार को कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यह बात खेल रत्न व ऐलनाबाद से विधायक अभय चौटाला ने कही।
उन्होंने कहा कि नई सरकार के बने हुए दो माह दस दिन हो गए हैं। हमसे अलग हुए लोगों ने भी यह कहते हुए घोषणा पत्र जारी किया कि सत्ता में आएंगे तो वादे पूरे करेंगे। लोगों ने भाजपा को 40 सीट पर लाकर खड़ा कर दिया। स्वार्थियों ने सत्ता का सुख भोगने के लिए हमसे अलग होकर चौधरी देवीलाल की नीतियों को आगे बढ़ाने का वादा किया। अब वो भाजपा सरकार का गुणगान कर रहे हैं। ऐसा नहीं करेंगे तो सत्ता से बाहर होना पड़ेगा। भाजपा को इन स्वार्थियों की जरूरत नहीं है। इन्होंने स्वयं उन्हें समर्थन दिया है। चौधरी देवीलाल ने किसी से सत्ता के लिए समझौता नहीं किया।
स्पीकर पर पार्टी को कमजोर करने का आरोप
अभय चौटाला ने कहा कि स्पीकर कादियान ने हमारी पार्टी को कमजोर किया है। इसने मौका देख कर 10-20 कार्यकर्ताओं को ओमप्रकाश चौटाला के पास शिकायत करने के लिए भेजा। जिन्होंने मेरा नाश किया वो अब अपना और अपनी पार्टी का नाश करेंगे। हथकड़ी वाले उनके पीछे घूमने लगे हैं।
कांग्रेस का वारिस छह माह का मेहमान
अभय चौटाला ने कांग्रेस के वारिस व पूर्व सीएम हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि वो छह माह के मेहमान हैं। ओपी चौटाला को जेल पहुंचाने वाला बाहर कैसे रह सकता है। सीबीआइ ने इस वारिस के सारे कागजात तैयार कर रखे हैं। ये रहे मौजूद इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी, जिलाध्यक्ष हेमराज जागलान, कुलदीप राठी, निशान सिंह, डॉ. राजपाल, उम्मेद जाटल, रामकुमार राठी, विजय, विजेंद्र राठी व सुरेश मलिक सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।