महंगाई बेकाबू, हर वर्ग पर पड़ रहा इसका असर: बिजेंद्र कादियान
जन-जागरण अभियान के तहत कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को गांव सिवाह में रैली निकालते हुए बढ़ती महंगाई का विरोध किया। रैली का नेतृत्व पानीपत कांग्रेस पर्यवेक्षक एवं पूर्व संसदीय सचिव रामकिशन गुर्जर और पूर्व मंत्री बिजेंद्र सिंह कादियान ने किया।
जागरण संवाददाता, पानीपत : जन-जागरण अभियान के तहत कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को गांव सिवाह में रैली निकालते हुए बढ़ती महंगाई का विरोध किया। रैली का नेतृत्व पानीपत कांग्रेस पर्यवेक्षक एवं पूर्व संसदीय सचिव रामकिशन गुर्जर और पूर्व मंत्री बिजेंद्र सिंह कादियान ने किया।
बिजेंद्र सिंह कादियान ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों का असर, प्रत्येक उत्पाद और हर वर्ग पर पड़ा है। गैस का सिलेंडर महंगा होने के कारण रसोई का बजट गड़बड़ा गया है। सबसे अधिक परेशान कम आमदनी वाला वर्ग है। किसान, व्यापारी, मजदूर अपनी-अपनी परेशानी को लेकर सरकार को कोस रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों का आह्वान करते हुए कहा कि अब बदलाव का समय है, आने वाला समय कांग्रेस का है।
तीनों कृषि कानून वापस लेने को रामकिशन गुर्जर ने किसानों की जीत बताया। कादियान ने कहा कि प्रधानमंत्री को इस घोषणा से पहले सभी दलों की बैठक बुलानी चाहिए थी। इस मौके पर बलविद्र सिंह पूनिया भी साथ रहे।