शहीदी दिवस पर गांधी जी को किया याद
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शहीदी दिवस से पूरे पट्टीकल्याणा स्वाध्यायय आश्रम में सर्वोदय पखवाड़े का शुभारंभ किया गया।
जागरण संवाददाता, समालखा :
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शहीदी दिवस से पूरे पट्टीकल्याणा स्वाध्यायय आश्रम में सर्वोदय पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। पखवाड़े के दौरान गांधी स्मारक निधि पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के संयुक्त स्वाध्याय आश्रम, पट्टीकल्याणा में 11 फरवरी तक शाम 4 से 5 बजे तक सामूहिक चरखा कताई और गांधी जी की आत्मकथा का नियमित पठन-पाठन सहित प्रार्थना सभा का आयोजन होगा। 12 फरवरी को विसर्जन दिवस मनाया जाएगा।
आश्रम के मुख्य चिकित्सक विकास सक्सेना ने बताया कि शहीदी दिवस को लेकर बृहस्पतिवार सुबह 5.30 बजे पट्टीकल्याण में प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी गांव के मुख्य सड़कों से गुजरी। चौक-चौराहों पर लोगों को गांधी जी के विचारों से अवगत कराया गया। दोपहर बाद चरखा कताई एवं प्रार्थना सभा आयोजित की गई। प्रार्थना सभा में राष्ट्रपिता को पुष्पांजलि अर्पित की गई। गांधी जी के जीवन प्रसंगों पर प्रकाश डाला। उनके बलिदान की कहानी सुनाई गई। अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन के कार्यकर्ता एवं स्मारक निधि स्कूल के बच्चे व शिक्षक सहित प्राकृतिक जीवन केन्द्र के कार्यकर्ता तथा ग्रामीणों ने इसमें भाग लिया। इस अवसर पर अजय श्रीवास्तव, धनराज, विपिन, विकास यादव, राजेश, गिरिराज, रानो, अनीता, राजेन्द्र छौक्कर, कामरेड सुनीलदत्त, दयानन्द एडवोकेट आदि उपस्थित रहे।