पत्नी के किसी से अवैध संबंध, शक में पति ने गला घोंट कर दी हत्या
कैथल में अवैध संबंध की आशंका के चलते पति ने पत्नी की हत्या कर दी। पति ने पत्नी का गला घोंट दिया। मृतका के भाई की शिकायत के बाद पति को गिरफ्तार कर लिया गया।
पानीपत/कैथल, जेएनएन। कैथल में पत्नी की हत्या कर दी गई। पति ने पत्नी का गला घोंटकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। हत्या की वजह अवैध संबंध का शक बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है।
कैथल के सीवन कस्बे के सौथा गांव में पत्नी पर अवैध संबंधों का शक जाहिर करते हुए पति ने गला घोटकर हत्या कर दी। घटना बुधवार देर रात की है। सीवन थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह महिला के शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां मृतका के भाई के बयान पर आरोपित पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाते हुए स्वजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
ये लगाया आरोप
जींद के गांव मंगलपुर निवासी मक्खन सिंह ने सीवन थाना पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसकी बहन बबीता की शादी वर्ष 2011 में सौथा गांव निवासी रामदिया के साथ हुई थी। विवाह के बाद उसकी बहन ने दो लड़के और एक लड़की को जन्म दिया। शादी के कुछ दिन बाद से ही उसका जीजा रामदिया उसकी बहन पर किसी दूसरे व्यक्ति से अवैध संबंधों को लेकर शक जाहिर करने लगा। इसके लिए रोज उसकी बहन के साथ झगड़ा करते हुए मारपीट करता था।
बहन से की थी मारपीट
शिकायतकर्ता ने बताया कि 21 जुलाई को भी उसके जीजा ने उसकी बहन के साथ मारपीट की। इसकी सूचना उसकी बहन ने उसे फोन पर दी। इसके बाद वे अपने चाचा को साथ लेकर गांव सौथा पहुंचा और दोनों से बातचीत की। रामदिया को समझाने के बाद वे वापस अपने गांव लौट गए, लेकिन इसके बावजूद आरोपित अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। आरोप लगाया कि 22 जुलाई की रात को आरोपित रामदिया ने फिर से उसकी बहन के साथ झगड़ा किया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसकी जानकारी मिलने के बाद वे गांव सौथा पहुंचे तो उसकी बहन का शव जमीन पर पड़ा हुआ था। गले पर निशान थे। मामले की सूचना सीवन थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे मे लेकर कार्रवाई शुरू की।
सीवन थाना प्रभारी शिव कुमार सैनी ने बताया कि सौथा गांव में पत्नी की गला दबाकर हत्या करने वाले आरोपित रामदिया को गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी पर अवैध संबंधों का शक जाहिर करते हुए इस वारदात को अंजाम दिया है। आरोपित को शुक्रवार कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें