देवर ने की छेड़छाड़, पत्नी ने विरोध किया तो पति ने तीन तलाक बोल घर से निकाला
यमुनानगर में एक बार फिर तीन तलाक का मामला सामने आया है। देवर ने छेड़छाड़ की तो महिला ने विरोध किया। इससे खफा होकर पति ने महिला को तीन तलाक कह घर से निकाल दिया।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। सदर यमुनानगर थाना क्षेत्र के गांव निवासी विवाहिता ने देवर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। इस बारे में जब पति को बताया, तो उसने तीन तलाक बोलकर घर से निकाल दिया। आरोप लगाया कि ससुराल वाले उसे दहेज की मांग को लेकर भी प्रताडि़त कर रहे थे। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, 29 फरवरी को हिमाचल प्रदेश के पोंटा साहिब निवासी आसिफ के साथ युवती का निकाह हुआ था। शादी में कार सहित जरूरत का सभी सामान दिया गया था। ससुराल वाले उससे बड़ी कार की मांग करने लगे। इस बारे में विवाहिता ने पिता को भी बताया। जिस पर पिता ने दो लाख रुपये और दे दिए।
शादी से पहले ससुराल वालों ने विवाहिता की पढ़ाई जारी रखने की बात कही थी, लेकिन शादी के बाद उसकी किताबें जला दी। विरोध करने पर गाली गलौज व मारपीट की। गत दो जून को उसके ससुराल पक्ष के लोग घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान उसके देवर ने अकेला पाकर छेड़छाड़ की।
शोर मचाने पर आरोपित भाग गया। इस बारे में पति व ससुराल वालों को बताया, तो उसके साथ ही मारपीट की गई। अगले दिन पति ने तीन बार तलाक बोलकर उसे घर से निकाल दिया। जांच अधिकारी एसआइ भूप सिंह ने बताया कि शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया।
इधर, तलाकशुदा महिला को शादी का झांसा देकर बनाए संबंध
तलाकशुदा महिला को शादी का झांसा देकर युवक जगाधरी लेकर आया। यहां उसके साथ संबंध बनाए। आरोप है कि अब आरोपित ने शादी से इंकार कर दिया। उस पर दूसरे लोगों के साथ संबंध बनाने का दबाव बना रहा है। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करता है। पीडि़ता ने सीएम को शिकायत भेजी है।
मेरठ की रहने वाली है महिला
महिला उप्र के मेरठ की रहने वाली है। उसका निकाह मेरठ निवासी व्यक्ति से हुआ। करीब पांच साल पहले उसका पति के साथ तलाक हो गया था। उसकी दो बेटियां भी साथ ही रह रही हैं। जबकि बेटा ननिहाल में रह रहा है। इस बीच उसके संबंध जगाधरी निवासी युवक से हो गए। वह उसे शादी का झांसा देकर मेरठ से यहां लेकर आ गया। इस दौरान उसके साथ संबंध बनाता रहा। महिला जब भी उसे शादी के लिए कहती, वह टाल देता। आरोपित ने इस दौरान उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली। अब आरोपित उस पर अन्य लोगों के साथ संबंध बनाने का दबाव बना रहा है। विरोध करने पर आरोपित ने उसके साथ कई बार मारपीट की। शिकायत करने पर वह वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है। इस बीच उसे पता लगा कि आरोपित पहले से शादीशुदा है। जब इस बारे में उसे कहा, तो आरोपित ने उसके खिलाफ ही पुलिस को झूठी शिकायत दे दी।