पत्नी से मिला दर्द, नासूर बना तो पति ने खुद को किया आग के हवाले Panipat News
पानीपत में एक व्यक्ति ने आग लगाकर जान दे दी। पति अपनी पत्नी से काफी ज्यादा प्रताडि़त था। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पानीपत, जेएनएन। पत्नी ने दहेज के केस में पति सहित देवर और ससुराल वालों को फंसा दिया। पति की नौकरी छूट गई। समाज में बदनाम हुई वो अलग। हद तो तब हो गई जब मायके रह रही पत्नी अपनी मां के साथ ससुराल आकर पति को पीट दिया। इससे आहत होकर पति ने आग लगा जान दे दी। मामला वधावराम कॉलोनी का है। पुलिस ने पत्नी और सास के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
वधावाराम कॉलोनी की उषा ने बताया कि 12 साल पहले उनके पति यशपाल सिंह की मौत हो गई थी। बड़ा बेटा सचिन (28) दिल्ली की एक कंपनी में अकाउंटेंट था और तीन साल पहले बेटे की शादी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के लोनी की राखी के साथ हुई थी। दोनों का एक साल का बेटा है। राखी बेटे के साथ झगड़ा करके करीब दो साल से मायके रहती है। राखी ने गाजियबाद कोर्ट में उसके, बेटे सचिन, छोटे बेटे मोहित और रिश्तेदारों के खिलाफ दहेज का झूठा केस कर रखा है।
पत्नी ने की मकान बेच रुपये देने की जिद
दहेज के केस की वजह से सचिन की नौकरी छूट गई थी। वह एक साल से परेशान था। कुछ दिन पहले रेखा अपनी मां सुधा के साथ घर आई। दोनों ने सचिन के साथ मारपीट की। सचिन को धमकाया कि वह मकान बेचकर उन्हें दस लाख रुपये दे और उनके साथ लोनी में रहे। सचिन ने मना कर दिया था। दोनों आरोपितों ने सचिन को धमकी दी कि वे उसे झूठे केस में फंसाकर जेल भिजवा देंगी।
घर में नहीं था कोई
मृतक की मां उषा ने बताया कि 19 अगस्त को वह अपने मायके बड़ौत गई थी। छोटा बेटा मोहित गुरुग्राम के मानेसर में एक कंपनी में काम करता है और वहीं पर रहता है। सचिन घर में अकेला था। उसने केरोसिन डाल आग लगाकर आत्महत्या कर ली। जब वह घर पहुंची तो आंगन में उसका शव था। किला थाना प्रभारी बलबीर सिंह ने बताया कि सुधाष और उषा के खिलाफ धारा 306 (आत्महत्या के लिए मजबूर) करने का मामला दर्ज कर लिया है।