पानीपत में दहेज में कार न लाने पर नशा कर पति ने पीटा, पीड़िता ने भागकर जान बचाई
पानीपत में दहेज प्रताड़ना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। पहले एक महिला को गर्म रॉड से पीटा गया और अब कार न लाने पर पति ने पिटाई की। मामला तहसील कैंप का है। दहेज में कार न लाने की वजह से पति ने नशे में पत्नी को पीटा।
पानीपत, जेएनएन। पानीपत के तहसील कैंप में दहेज में कार ने देने से खफा पति ने शराब के नशे में पत्नी को पीटा। जान का खतरा होने से महिला ने भागकर जान बचाई। महिला थाना पुलिस ने पति, सास, ससुर और ननदोई के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया है।
तहसील कैंप की अमनदीप कौर ने सीएम विंडो में शिकायत दी कि 5 दिसंबर 2015 को उसकी शादी मोहाली के खुनीमाजरा गांव के गुरिंद्र के साथ हुई थी। इसके बाद ही उसे पति, सरपंच ससुर, जसविंद्र, सात मनजीत कौर और ननदोई भैस निवासी हर्षदीप दहेज में कार न लाने पर प्रताड़ित करते थे। उसने घर बसाने के लिए आरोपितों के अत्याचार सहे। नशा करके पति, ससुर और ननदोई गाली-गलौज कर मारपीट करते हैं। सास ने उसके जेवर छीन लिए। उसका जीना मुहाल कर दिया गया। आरोपितों ने धमकी दी कि किसी को बताया तो जिंदा जला देंगे। वह आरोपितों के चंगुल से छूटकर जान बचाकर मायके लौट आई है। आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस बारे में डीएसपी मुख्यालय सतीश कुमार वत्स का कहना है कि दहेज प्रताड़ना के मामलों की जांच की जाती है। जांच में दोषी पाए जाने पर सससुराल वालों पर कारवाई भी की जाती है। गत दिनों दो आरोपितों को काबू भी किया गया था।
दहेज के लिए महिलाओं पर हो रहे अत्याचार
ससुराल वाले दहेज में कार व बाइक मांगकर महिलाओं को प्रताड़ित कर रहे हैं। एकता विहार कालोनी की शालू के साथ पशुओं से भी बदतर व्यवहार किया। दहेज में एक लाख रुपये और बुलेट बाइक न लाने पर पति ने शालू को गर्म राड से दाग दिया। पीड़िता ससुराल से जान बचाकर भागी। इसी तरह से राजनगर की युवती को भी ससुराल वालों ने दहेज के लिए पीटा और घर से बाहर निकाल दिया।