प्राकृतिक संसाधनों के अनावश्यक इस्तेमाल को रोकें
हमें प्रकृति को बचाने के लिए कार्य करना होगा। इसके लिए संस्कार अपनाने होंगे। अभिभावकों ने हमें शुद्ध वायु पानी हरा भरा वातावरण उपलब्ध कराया है। प्राकृतिक संसाधनों का जिस प्रकार से दोहन हो रहा है। उससे हम आने वाली पीढि़यों को बंजर भूमि दे पाएंगे।
जागरण संवाददाता, पानीपत : हमें प्रकृति को बचाने के लिए कार्य करना होगा। इसके लिए संस्कार अपनाने होंगे। अभिभावकों ने हमें शुद्ध वायु, पानी, हरा भरा वातावरण उपलब्ध कराया है। प्राकृतिक संसाधनों का जिस प्रकार से दोहन हो रहा है। उससे हम आने वाली पीढि़यों को बंजर भूमि दे पाएंगे। यह बातें हरियाणा पुलिस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अंबाला रेंज डॉ. आरसी मिश्रा ने कही। वह होटल प्रबंधन संस्थान के वार्षिकोत्सव में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि वार्षिकोत्सव तभी सफल माना जाता है, जब हम सभी को खुशहाल बनाए। हमें भगवान से जुड़ना होगा। भगवान का अर्थ भ से भूमि, ग से गगन, व से वायू, अ से अग्नि न से नीर अर्थात भगवान पंच तत्वों से बना है। जीवन को खुशहाल बनाए रखने के लिए हमें इन पांचों तत्वों पर ध्यान देना होगा। तभी हम भगवान से जुड़ पाएंगे। उन्होंने छात्रों को सफलता प्राप्त करने के मूल मंत्र बताए व उन्हें मेहनत से आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के प्राचार्य अतुल शुक्ला ने संस्थान की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में एसडी कॉलेज के प्रधान डॉ. एसएन गुप्ता, स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक राकेश रोशन, महाजन ओवरसीज के प्रणव महाजन, एमएल वैरागी, डीपीएस सोढ़ी, चंदन वशिष्ठ, नौबल कौशिक, राज खत्री मौजूद रहे।