नौतपा का असर चली गर्म हवाएं, तापमान रहा 44 डिग्री
नौतपा के दूसरे दिन गर्म हवाएं चलीं। गर्मी के साथ लू चलने से लोग बेहाल रहे। बिजली कट बार-बार लगने से उन्हें और परेशानियों में डाल दिया।
जागरण संवाददाता, पानीपत : नौतपा के दूसरे दिन गर्म हवाएं चलीं। गर्मी के साथ लू चलने से लोग बेहाल रहे। बिजली कट बार-बार लगने से उन्हें और परेशानियों में डाल दिया। फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
मंगलवार सुबह से धूप तीखी रही। दिन में 11 बजे के बाद गर्म हवाएं चलने लगी। शाम पांच बजे तक चलती रही। अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। दोपहर 12 बजे के बाद हवा तेजी से बहने लगी। गर्म हवा लू का अहसास कराने लगी। बाजार व सड़कें सूनी हो गई। लू से बचने के लिए लोग घरों से नहीं निकलें। बुधवार को न्यूनतम तापमान में एक डिग्री वृद्धि होने की संभावना है। मौसम विभाग के विशेषज्ञों के मुताबिक हवा आठ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। बुधवार को अधिकतम तापमान में कोई कमी नहीं आएगी। कुछ देर के लिए आसमान में बादल छाए रहेंगे। शनिवार और रविवार को बूंदाबांदी की संभावना है। वातावरण में नमी की मात्रा 15 फीसद रही।
बिजली के कट लगे : इतनी गर्मी में बिजली के बार बार कट लगने से लोग बेहाल रहे। सेक्टर 24 में सोमवार मध्य रात्रि तीन-चार बार बिजली के कट लगे। मंगलवार सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिजली गुल रही। सनौली रोड, सेक्टर 13-17 व अंसल सहित शहर के अन्य हिस्सों में बिजली कट लगने से लोगों की परेशानी बढ़ी।