दहिया वर्सेज मलिक फिल्म को लेकर बोले गृहमंत्री अनिल विज, कहा-जातिगत विवाद ठीक नहीं, होगी उचित कार्रवाई
गृहमंत्री अनिल विज रविवार को यमुनानगर में थे। अनिल विज यहां अपने मित्र एडवोकेट करनेश शर्मा का कुशल क्षेम जानने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने दहिया वर्सेज मलिक फिल्म विवाद पर कहा कि जातिगत विवाद ठीक नहीं। मामले में उचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
यमुनानगर, जागरण संवाददाता। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं पहले से बेहतर हो गई है। पहले जरूरत के बाद भी अस्पताल नहीं बनते थे, लेकिन अब उन तक भी स्वास्थ्य सेवा पहुंच रही हैं। जो अस्पताल में नहीं आ सकते। ऐसे मरीजों के लिए मोबाइल वैन चलाई जा रही है। जिसमें आधुनिक लैब व डाक्टरों की टीमें हैं। जहां तक चिकित्सकों की कमी की बात है, तो 980 डाक्टरों की जल्द ही भर्ती की जाएगी। इसके लिए प्रक्रिया चल रही है। यह कहना है गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का।
रविवार को वह भाजपा नेता व अपने मित्र एडवोकेट करनेश शर्मा का कुशल क्षेम पता करने के लिए यमुनानगर में आए थे। एडवोकेट करनेश शर्मा की हाल ही में ही सर्जरी हुई थी। इस दौरान मंत्री अनिल विज ने सभी जिलों के एसपी के साथ बैठक भी की थी। जिसमें अपराध पर अंकुश लगाने को लेकर दिशा निर्देश दिए गए थे। पुलिस बेहतर कार्य कर रही है। 15 दिन में प्रदेश में पांच हजार जगहों पर छापेमारी की गई है। तीन हजार केस दर्ज हुए। इतने ही आरोपित गिरफ्तार किए गए। बदमाशों को अब प्रदेश छोड़ना होगा या फिर क्राइम छोड़ना होगा।
जातिगत विवाद ठीक नहीं : विज
दहिया वर्सेज मलिक फिल्म को लेकर उपजे विवाद पर गृह मंत्री अनिल विज बोले। उन्होंने कहा कि इस तरह से जातिगत विवाद फैलाना अच्छी बात नहीं है। डीजीपी से इस संबंध में बात की है। मामले में उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
कांग्रेस ने स्वतंत्रा सेनानियों को कभी स्वीकार नहीं किया
इस दौरान गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रदेश में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पराक्रम दिवस के रूप में मनाई जा रही है। कांग्रेस ने कभी भी स्वतंत्रता सेनानियों को स्वीकार नहीं किया। सेनानियों के योगदान को भुलाया गया है। अब भाजपा सरकार इन स्वतंत्रता सेनानियों को याद कर रही है। कांग्रेस ने इन स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को छिपाया। हम योगदान को उजागर कर रहे हैं।
राहुल गांधी व केजरीवाल पर कसा तंज
गृह मंत्री अनिल विज ने राहुल गांधी व अरविंद केजरीवाल पर भी तंज कसा है। राहुल गांधी के लोगों को गरीब बना देने के बयान पर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का अध्यापक कौन है। उसे पूरा देश तलाश रहा है। कहां से वह आंकड़े लेकर आते हैं। काैन उन्हें सिखाता है। कोरोना में केवल देश ही नहीं, बल्कि विश्व की अर्थव्यवस्था खराब हुई है, लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी ने अर्थव्यवस्था को बेहतर तरीके से संभाला है। वहीं केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि हिंदुस्तान का सबसे बड़ा ड्रामेबाज अरविंद केजरीवाल है। उसने झूठ में पीएचडी की हुई है। वह जहां भी जाते हैं। झूठ के गुब्बारे फट जाते हैं।
थानों में पुलिसकर्मियों की कमी पर बोले विज
थानों में इस समय पुलिसकर्मियों की कमी है। अधिकतर स्टाफ डायल 112 पर लगाया गया है। इस पर मंत्री विज ने कहा कि डायल 112 सरकार की महत्तवकांक्षी योजना है। 600 से भी अधिक इनोवा गाड़ियों को प्रदेश के थानों में भिजवाया गया। उस समय थाने से ही स्टाफ काे इन गाड़ियों पर तैनात किया गया है। अब डायल 112 के लिए अलग से स्टाफ लगाया जाएगा। जिससे थाने में स्टाफ की कमी नहीं रहेगी।