हिपा ने महिला पार्षदों में भरा जोश, एक्ट की दी जानकारी
हरियाणा इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन (हिपा) गुरुग्राम की ओर से नगर निगम कार्यालय में सेमिनार का आयोजन हुआ। वक्ताओं ने महिला सशक्तीकरण का जिक्र कर महिला पार्षदों में जोश भरा गया।
जागरण संवाददाता, पानीपत
हरियाणा इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन (हिपा), गुरुग्राम की ओर से नगर निगम कार्यालय में सेमिनार का आयोजन हुआ। वक्ताओं ने महिला सशक्तीकरण का जिक्र कर महिला पार्षदों में जोश भरा गया। बजट आमद और खर्च की जानकारी दी। सेमिनार में पानीपत, समालखा, घरौंडा और सफीदों की पार्षद आमंत्रित थी।
मुख्य वक्ता डॉ. मुकेश माथुर ने महिला पार्षदों को कॉरपोरेशन एक्ट में हुए 74वें संशोधन का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं को नगर निकायों में 33 फीसद का आरक्षण दिया था। अब 50 फीसद तक ले जाने की तैयारी है। पार्षदों को बताया कि परिवार की पुरुषों के भरोसे न रहें, जनता ने आपको चुना है, जनहित में सड़क, पार्क, पेयजल जैसी सुविधाओं पर फोकस रखें। केंद्र और राज्य सरकार से मांग करें कि जीएसटी सहित अन्य टैक्स हुई आमदनी में से नगर निगम को भी हिस्सा मिले, ताकि विकास कार्यों में धन का अभाव बाधा न बने। कान्हा आर गोधा ने कहा कि नगर परिषद, पालिकाओं और निगमों में महिला पार्षदों के लिए अलग और स्वच्छ शौचालय होने चाहिए। उनके बच्चों के लिए क्रेच और बेस्ट फीडिग रूम भी बने।
मेयर अवनीत कौर ने हिपा की सेमिनार को ज्ञानवर्द्धक बताया। नगर निगम कमिश्नर ओमप्रकाश ने भी विचार व्यक्त किए। इस मौके पर पार्षद शकुंतला गर्ग, मीनाक्षी नारंग, अंजलि शर्मा, कोमल सैनी, प्रमोद देवी, मंजीत कौर और समालखा नगर पालिका की चेयरपर्सन निधि मित्तल मौजूद रहे।