पानीपत में तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, पिता के सामने बेटे ने तोड़ा दम, बुझ गया घर का चिराग
पानीपत में हादसा हुआ। तेज रफ्तार बाइक सवार ने पैदल जा रहे पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। इससे पिता के सामने बेटे की मौत हो गई। मामला चौटाला रोड पर शिव चौक के पास का है। पिता जालपाड़ गांव के रहने वाला है।
पानीपत, जागरण संवाददाता। चौटाला रोड पर शिव चौक के पास तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से पिता के सामने ही बेटे की मौत हो गई। आरोपित चालक बाइक सहित फरार हो गया। मृतक घर का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहने हैं।
जालपाड़ गांव के इकराम ने पुलिस को शिकायत दी कि वह और उसका बेटा सुहैल छाजपुर खुर्द गांव से पैदल घर लौट रहे थे। तभी चौटाला रोड शिव चौक पर तेज रफ्तार बाइक ने उसके बेटे को टक्कर मार दी। आरोपित चालक बाइक सहित नीचे गिर गया। उसने बाइक का नंबर नोट कर लिया था। घायल सुहैल को एक निजी वाहन ने निजी अस्पताल में दाखिल कराया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी गई। थाना चांदनी बाद पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपित बाइक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
तेज रफ्तार वाहन ले रहे हैं लोगों की जान
जिले में तेज रफ्तार वाहन लोगों की जान ले रहे हैं। ऊझा गेट के पास रहने वाला पांच वर्षीय शिवम दुकान से सामान लेकर घर लौट रहा था। तभी रास्ते में स्कूटी ने टक्कर मार दी। इस हादसे में शिवम को गंभीर चोट लगी। उधर, अंसल सुशांत सिटी में सात वर्षीय कपिल घर के बाहर खेल रहा था। तभी तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में कपिल की टांग टूट गई।
चालान के बाद भी नहीं सुधर रहे वाहन चालक
तेज रफ्तार वाहन चालकों पर लगाम लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने जगह-जगह नाके लगा रखे हैं। वाहन के चालक काटे जा रहे हैं। जो वाहन भाग जाते हैं उनके नंबर नोट कर ई-चालान भी किए जा रहे हैं। इसके बावजूद वाहन चालक सुधर नहीं रहे हैं। तेज गति से वाहन चलाकर लोगों की जिंदगी खतरे में डाल रहे हैं। बाबरपुर ट्रैफिक थाना प्रभारी सुरेंद्र का कहना है कि हाईवे पर तेज गति वाहन की चेकिंग कर चालान किए जाते हैं।