Haryana Weather update: गर्मी दिखाने लगी तेवर, जानिये कैसा रहेगा इस हफ्ते मौसम
मंगलवार को करनाल में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार भी आने वाले दिनों में मौसम साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री के आसपास ही रहेगा।
करनाल, जेएनएन। गर्मी ने आहिस्ता-आहिस्ता अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सुबह होने के साथ ही गर्मी अपना असर दिखाना शुरू कर रही है। दोपहर में लोगों को गर्मी के चलते पसीने छूटने लगे हैं तो साथ ही कार्यालयों में दोपहर के समय एसी का बटन भी ऑन होने लगा है।
तापमान बढ़ने से किसानों के चेहरे पर जरूर रौनक आई है। क्योंकि यह मौसम गेहूं की फसल काे पकाने के लिए अनुकूल माना जाता है। एक अप्रैल से मंडियों में गेहूं की खरीद भी शुरू होने जा रही है। लिहाजा मौसम में इस तरह से रहा तो गेहूं की फसल भी सही समय पर पककर तैयार हो जाएगी।
आगे ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार भी आने वाले दिनों में मौसम साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री के आसपास ही रहेगा। मंगलवार को करनाल में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री रहा। आर्द्रता 70 प्रतिशत रही। पिछले दो दिन से गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू किया है। दो-तीन दिन पहले जहां तापमान 30 डिग्री से नीचे चल रहा था, वह बढ़कर 35 डिग्री को पार कर चुका है।
तापमान नीचे जाने की नहीं संभावना
मौसम में बदलाव के साथ ही घरों व कार्यालयों में पंखों के साथ ही कूलर व एसी की जरूरत भी महसूस की जाने लगी है। इसके चलते लोगों ने एसी की सर्विस का काम शुरू करवा दिया है। क्योंकि इसी तरह से गर्मी बढ़ने के साथ ही अप्रैल माह में एसी चलना शुरू हो जाएगा। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में मौसम साफ रहेगा और तापमान भी नीचे जाने की संभावना नहीं है। लिहाजा गर्मी का दौर शुरू होने के पूरे संकेत मिल चुके हैं। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार यह मौसम गेहूं की फसल के मुफीद है। 35 डिग्री के आसपास तापमान रहने से गेहूं की फसल अच्छी तरह से पककर मंडी में आएगी।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें