Move to Jagran APP

करनाल जेल में कैदियों की सेहत बनाएगा, इम्यूनिटी बढ़ाएगा ओपन एयर जिम

करनाल जिला जेल प्रशासन की सराहनीय पहल। कैदियों और बंदियों के लिए ओपन एयर जिम लगाई जाएगी। बंदी व कैदी व्यायाम से स्वास्थ्य बेहतर बनाएंगे। बंदियों व कैदियों के स्वास्थ्य को लेकर जेल प्रशासन गंभीर है। इससे कैदियों में सकारात्मकता का प्रचार होगा।

By Umesh KdhyaniEdited By: Published: Fri, 25 Jun 2021 06:03 AM (IST)Updated: Fri, 25 Jun 2021 06:03 AM (IST)
करनाल जेल में कैदियों की सेहत बनाएगा, इम्यूनिटी बढ़ाएगा ओपन एयर जिम
करनाल जेल प्रशासन ने महिला व पुरुष जिम स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया है।

करनाल, सेवा सिंह। कोरोना को लेकर बदले हालात के बीच जिला जेल प्रशासन कैदियों की सेहत का ध्यान रखेगा। नशीले पदार्थों की लत से लेकर अन्य बुराइयों में शामिल बंदियों व कैदियों का शरीर हृष्ट-पुष्ट हो और वे यहां से छूटने के बाद स्वस्थ इंसान रहें, इसके लिए महिला व पुरुष जिम स्थापित किए जाएंगे। जेल प्रशासन ने इसका प्रस्ताव तैयार किया है। जिला प्रशासन से संपर्क के साथ किसी एनजीओ व सामाजिक संस्था का सहयोग भी लिया जाएगा। जेल प्रशासन को उम्मीद है कि जिम में बंदी व कैदी व्यायाम से स्वास्थ्य बेहतर बनाएंगे तो इम्यूनिटी भी बढ़ेगी। कई बीमारियों से भी छुटकारा मिलेगा तो उनका नजरिया सकारात्मक होगा।

loksabha election banner

कराई जा रही स्वास्थ्य जांच

बंदियों व कैदियों के स्वास्थ्य को लेकर जेल प्रशासन गंभीर है। इसीलिए अधिकतर बंदी व कैदी स्वस्थ हैं। हाल में प्रशासन की ओर से 904 बंदियों की हेपिटाइटिस बी व सी जांच कराई गई। इनमें बी के आठ केस पाजिटिव पाए गए। दूसरी जांच में यह संख्या चार रह गई जबकि सी के 15 केस मिले।

396 बंदी हुए थे कोरोना संक्रमित

कोरोना महामारी जेल परिसर में भी प्रविष्ट हो गई थी और 396 बंदी कोरोना संक्रमित हो गए थे। फिलहाल सभी स्वस्थ हैं। बुधवार तक जिला जेल में 1649 बंदी व कैदी थे। इनमें 219 महिलाएं भी शामिल हैं।

फैशन व ब्यूटी पार्लर के टिप्स के साथ मिलेंगे प्रमाणपत्र

जिला जेल के बंदी व कैदी बाहर जाने के बाद अपना रोजगार स्थापित कर सकें, इसके लिए भी विशेष कदम उठाए जा रहे हैं। दिल्ली की चेरिटी आन व्हील्स संस्था के साथ मिलकर जेल प्रशासन ने फैशन स्टूडियो स्थापित किया है, जिसे चलाने के लिए 20 महिलाओं को कोरोना काल में संस्था की ओर से आनलाइन ट्रेनिंग दी गई। महिलाओं को ब्यूटी पार्लर के टिप्स सिखाने के साथ रेडियो भी शुरू किया गया। पांच महिला व पांच पुरुष जॉकी बनाए गए हैं।

अच्छा माहौल देने का प्रयास : भादो

जेल अधीक्षक अमित कुमार भादों का कहना है कि बंदियों व कैदियाें काे अच्छा माहौल देने का प्रयास है। ताकि सकारात्मक दृष्टिकोण के बूते वे छूटने के बाद समाज में सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत करें। प्रशिक्षण लेकर वे स्वरोजगार भी चला सकेंगे। इनके स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, जिसके लिए नियमित जांच कराई जाती है। जल्द जिम भी स्थापित कर दिए जाएंगे। कोरोना प्रोटोकाल की गंभीरता से पालना की जा रही है।

पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.