कैथल में चंडीगढ़ जा रही हरियाणा रोडवेज की बस पलटी, मची चीख पुकार, कई घायल
चंडीगढ़ जा रही हरियाणा रोडवेज की बस कैथल में पलट गई। बस राजौंद से चंडीगढ़ जा रही थी। बस अनियंत्रित होने की वजह से पलट गई थी। हादसे की वजह से यात्रियों में चीख पुकार मच गई। घायलों को अस्पताल ले जाया गया।
कैथल, जेएनएन। कैथल में दर्दनाक हादसा हुआ। चंडीगढ़ जा रही हरियाणा रोडवेज की बस कैथल में पलट गई। इससे चीख पुकार मच गई और गांव के लोग दौड़ पड़े। यात्रियों को बस से निकाला गया।
राजौंद से चंडीगढ़ जाने वाली हरियाणा रोडवेज कुरुक्षेत्र डिपो की बस गांव सेरधा की नहर के पुल के पास अनियंत्रित होकर खदानों में पलट गई। बस के पलट जाने से यात्रियों में हाहाकार मच गया। राहगीरों व ग्रामीणों ने यात्रियों को बस से बाहर निकाला और उन्हें राहगीरों की सहायता से अस्पताल में भर्ती करवाया।
हादसे में एक महिला के अलावा अन्य सभी यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। हरियाणा रोडवेज कुरुक्षेत्र डिपो की बस प्रतिदिन राजौंद से चंडीगढ़ जाती है। प्रतिदिन की भांति बुधवार को बस राजौंद बस स्टैंड से सुबह साढ़े छह बजे रवाना हुई। बस चलकर सेरधा गांव के निकट पुल पर पहुंची थी कि वहां पर अनियंत्रित होकर सड़क के साथ लगे गड्ढों में पलट गई। जब तक यात्री कुछ समझ पाते सब कुछ घटित हो चुका था।
बस पलटने की सूचना मिलकर ग्रामीण बस की ओर दौड़े और उन्होंने यात्रियों को बस से बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घटना में एक महिला को ज्यादा चोटें आई हैं, जबकि अधिकतर यात्रियों को हल्की चोटें आने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। बस चालक पुनीत ने बताया कि बस में तकनीकी खामी के कारण बस पलटी है। उसने बताया कि बस ज्यादा अनियंत्रित न होने के कारण सभी यात्री सकुशल बच गए। अतिथि अध्यापक पवन शर्मा व एक पुलिसकर्मी सहित कई लोगों को चोटें आई हैं।
बस में थी कम सवारी
सुबह यह बस राजौंद से कुरुक्षेत्र के लिए चलती है। राजौंद से सेरधा के बीच कोई बड़ा स्टॉपेज भी नहीं है। इसके चलते बस में ज्यादा सवारी नहीं थी। जिस वक्त यह बस सड़क से खदानों में उतरी, इसमें चालक व परिचालक के अलावा पांच सवारी ही मौजूद थी। खदान में उतरकर नियंत्रण खोने के चलते उन्हें चोटें आई, लेकिन कोई गंभीर नहीं है।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें