Haryana Panipat Weather Update: 10 जनवरी के बाद लगातार गिर सकता है न्यूनतम तापमान, सर्द हवाओं का दिखेगा असर
बारिश के बाद लगातार तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। सर्द हवाओं का असर दिखने लगा है। वहीं मौसम विशेषज्ञों की मानें तो 10 जनवरी के बाद और ज्यादा सर्दी सताएगी। न्यूनतम तापमान में और ज्यादा गिरावट होगी।
पानीपत, जेएनएन। नए साल में अच्छी बरसात दर्ज की जा चुकी है। जिस कारण से तापमान में भी उतार- चढ़ाव देखने को मिले हैं। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 10 जनवरी से ना सिर्फ पर्वतीय राज्यों में बल्कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और यहां तक कि धीरे-धीरे बिहार पर भी सर्द हवाओं का असर दिखेगा और तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी।
यह सिलसिला कम से कम एक सप्ताह के लिए जारी रहेगा, क्योंकि इस एक सप्ताह के दौरान उत्तर भारत के पहाड़ों पर कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ नहीं आएगा। लंबे गैप के चलते ही व्यापक गिरावट न्यूनतम तापमान में देखने को मिलेगी और यह इस सीजन की सर्दी का आखिरी सर्द स्पेल होगा। 10 से 20 जनवरी के बीच इन सभी राज्यों में न्यूनतम तापमान फिर से गिरते हुए 5 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे पहुंच सकता है। कई इलाकों में तापमान के 4 डिग्री के करीब पहुंचने पर शीत लहर का प्रकोप शुरू हो जाएगा।
बर्फीली हवाओं का रूख बदलने से कम होती चली गई सर्दी
मौसम विभाग का मानना है कि सर्दी का यह सिलसिला 3 जनवरी से खत्म होने लगा जब हवाओं का रुख बदला। मौसम में पूरी तरह से बदलाव 3 जनवरी से आया जब एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के पहाड़ों की तरह पहुंचा। राजस्थान पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना और अरब सागर से एक ट्रफ़ राजस्थान तक सक्रिय हुई। इन सभी मौसमी सिस्टमों के कारण राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के सभी क्षेत्रों में हवाओं का रुख बदलकर उत्तर पश्चिमी दिशा की बजाय दक्षिण पश्चिमी या दक्षिण पूर्वी हो गया। जिससे न्यूनतम तापमान में व्यापक वृद्धि शुरू हो गई।
यह रहा शनिवार के मौसम का हाल
शनिवार को अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान मामूली गिरावट के साथ 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सुबह के समय नमी की मात्रा 95 फीसदी दर्ज की गई। हवा 3.2 किलोमीटर प्रतिघंटा की औसत रफ्तार के साथ चली। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक आने वाले 24 घंटे में मौसम साफ रहेगा। ठंड में इजाफा हो सकता है। लेकिन दिन के समय सूर्य देव के दर्शन होने से लोगों को राहत जरूर मिलेगी।