Kisan Mahapanchayat: करनाल किसान महापंचायत को लेकर हरियाणा के गृहमंंत्री विज का बड़ा बयान, जानिए क्या कहा
हरियाणा के करनाल में हो रही किसान महापंचायत और लघु सचिवालय घेराव को लेकर हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने बयान जारी किया है। गृहमंत्री विज ने कहा कि आम आदमी की स्वतंत्रता प्रभावित न हो इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
अंबाला, जागरण संवाददाता। करनाल में किसान महापंचायत को लेकर हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने बयान जारी किया है। अनिल विज ने कहा कि लोगों को किसी भी तरह से कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी। सरकार और प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट हैं। वहीं उन्होंने किसान नेताओं से भी अपील की।
हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने कहा है कि भारत प्रजातांत्रिक देश है, यहां पर सबको अपनी-अपनी बात कहने व प्रदर्शन करने का अधिकार है। किसानों से अपील करते हुए कहा कि किसान भाई भी प्रदर्शन कर रहे हैं, वे करें। लेकिन शांतिपूर्ण तरीके से। आम आदमी की स्वतंत्रता प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्हें किसी तरह की दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
विज ने अंबाला में पत्रकार वार्ता करते हुए कहा कि लोगों की सुविधा के लिए सभी इंतजाम किए हैं। कुछ रास्तों को डायवर्ट किया है। हालात से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल है। विज ने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) नवदीप सिंह विर्क को आदेश भी दिए हैं कि वे स्वयं वहां पर रहेंगें। सारी स्थिति की निगरानी रखेंगें ताकि यह कार्यक्रम शांतिपूर्ण निपट जाएं।
शरारती तत्व दायरे में रहें
विज ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान कुछ शरारती तत्व इसका फायदा उठाते हुए अफवाल फैला सकते हैं। इंटरनेट बंद करके प्रशासन ने सावधानी बरती है। उन्होंने किसान नेताओं से अपील है कि यह कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से करें।
राहुल गांधी पर किया पलटवार
हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने कहा, पंजाब के मोगा में किसानों पर लाठीचार्ज हुआ। इस पर पंजाब सरकार खामोश है। यह सब कांग्रेस की राजनीति है। राजनीतिक फायदे के लिए यह सब कांग्रेस कर रही है। विज ने कहा कि करनाल में हुए लाठीचार्ज के लिए राहुल गांधी ट्विट करते हैं, जबकि मोगा में लाठीचार्ज मामले में उनका कुछ नहीं कहना है। वहां कांग्रेस की सरकार है। इस वजह से सब ठीक है।