सड़कों पर उतरे कांग्रेसी कार्यकर्ता, भाजपा पर तानाशाही का लगाया आरोप Panipat News
Haryana Congress Protest कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेताओं की एसपीजी सुरक्षा वापस लेने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। भाजपा पर तानाशाही नीतियां अपनाने का आरोप लगाया गया।
पानीपत, जेएनएन। Haryana Congress Protest भाजपा की तानाशाही नीतियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी के शीर्ष नेताओं की एसपीजी सुरक्षा वापस लेने पर जिला स्तरीय प्रदर्शन किया। शनिवार को पानीपत के अलावा कैथल में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
कैथल में प्रदर्शन की अध्यक्षता कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जय प्रकाश और सुदीप सुरजेवाला ने की। इस दौरान गुहला हलका से प्रत्याशी दिल्लू राम और पूंडरी हलका से सतबीर भाणा सहित अन्य कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए।
मंदी और तालाबंदी भाजपा की पहचान
सचिवालय में प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार को नरेंद्र दलाल ज्ञापन सौंपा। सबसे पहले सैंकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता लघु सचिवालय में एकत्रित हुए। यहां कांग्रेस नेताओ ने धरना देकर मोदी सरकार पर जान बुझकर कांग्रेस पार्टी के प्रमुख नेताओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। पूर्व मंत्री जयप्रकाश व वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुदीप सुरजेवाला ने कहा कि आज देश में फैली मंदी व तालाबंदी भाजपा सरकार की पहचान बन गई हैं। न नौकरी है, न रोजगार है और कृषि क्षेत्र पर तो मंदी का दंश और भी बुरा है।
देश में वित्तीय आपातकाल की स्थिति
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा हर कदम पर देश के साथ खिलवाड़ कर रही है। भारत देश आज वित्तीय आपातकाल की स्थिति में है। देश में चाहे आजादी का आंदोलन हो या आतंकवाद के विरुद्ध लड़ाई हो गांधी-नेहरु परिवार ने देशहित में अपनी कुर्बानिया दी हैं लेकिन केंद्र सरकार ने कांग्रेस के मुख्य नेताओ की सुरक्षा के लिए नियुक्त एसपीजी को हटाकर उनके जीवन को खतरे में डाल दिया है। मोदी सरकार ने भारत के युवाओं को बेहाली व बेरोजगारी की कगार पर लाकर खड़ा कर दिया है। गिरती अर्थव्यव्स्था और बेहाल व्यापार ने आम जनमानस के जीवन को बर्बाद करके रख दिया है। पिछले 6 सालों में जीडीपी सबसे निचले पायदान पर है। भारत में बचत की सम्पूर्ण दर गिरकर 34.6 प्रतिशत से 30 प्रतिशत रह गई है।
ये भी रहे मौजूद
इस मौके प्रीतम सरपंच माजरा, हुकम किठाना, प्रदीप चौधरी, भरत बैनीवाल, राजाराम सौंगरी, सतनारायण, दर्शन खनौदा, गुलाब सेगा, रोशन पाडला, जयपाल शर्मा, धीरा, नाथाराम मलिक, सरदार बलदेव बल्ली, नरेश मित्तल, रामदिया चावरिया, साहब सिह विर्क, मोहन शर्मा क्योडक, गुरनाम सहारण, नाजर सिह दयोहरा, यशपाल जसवंती, जोरा सिह, धनपत कौशिक, एडवोकेट दलबीर पूनिया, गजे सिह, कृष्ण नम्बरदार, बलवान बलबेहडा मौजूद थे।
पानीपत में युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
युवा कांग्रेस जिला पानीपत में लघु सचिवालय के सामने प्रदर्शन किया गया। युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष जितेंद्र कुंडू ने कहा कि मोदी सरकार पूरे देश को बेचने का काम कर रही है। आज कोई भी ऐसा क्षेत्र नहीं है जिसे मोदी सरकार ने ना बेचा हो। पहले रेलवे बेचा फिर बैंकों का निजीकरण किया फिर एयर इंडिया बेचा और अब बीपीसीएल बेच दिया। दूसरी ओर युवा कांग्रेस ने यह मांग की गांधी परिवार की एसपीजी सुरक्षा वापस दी जाए। इस मौके पर युवा कांग्रेस के इसराना अध्यक्ष जसवीर जागलान, प्रवीण यंत् ,अरविंद डांडा, विक्की खराब, तरुण मान, नरेंद्र, बलराज मौजूद रहे।