Hariyali Teej 2021: हरियाली तीज पर छाईं खुशियां, तस्वीरों में देखें उल्लास
हरियाणा में हरियाली तीज धूमधाम से मनाई जा रही है। हरियाली तीज के अवसर पर झूल झूलतीं और मंगलगीत गातीं महिलाएं नजर आ रही है। कोरोना महामारी के बीच काफी दिनों बाद उत्सव में खुशी देखने को मिल रही है। देखिए तस्वीरें।
पानीपत, जागरण संवाददाता। चुलकाना में श्याम बाबा का दरबार में भी हरियाली तीज धूमधाम से मनाई जा रही है। खाटू वाले श्याम के दरबार में तीज उत्सव में अलग-अलग जिलों से आईं महिलाओं ने स्टाल लगाए हैं। घर पर बनाया सामान बेचा जा रहा है। मेहंदी रचाई जा रही है। ढोल की थाप पर महिलाएं नाच भी रही हैं। पानीपत में दो जगहों पर तीज का उत्सव विशेष तौर पर मनाया जा रहा है। तहसीलदार सुमन लता ने यहां उत्सव का शुभारंभ किया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए।
तोशाम की चूडि़यां
नामुंडा की तन्नु और शकुंतला ने तोशाम से सामान खरीदा। घर पर चूड़ियां बनाई हैं। बच्चों के खिलौने भी बनाकर लाए हैं। सुताना की उर्मिला और बबली ने बताया कि घर से मसाला पाउडर तैयार किया है। पैकिंग और पिसाई भी घर पर की है। मच्छरौली की आरती ने दिल्ली से सामान लाकर पायदानों को सिलवाया है। घर पर स्टीचिंग और फिनिशिंग की है।
मेरा दामण सीमा दे...गीत पर नाचीं पानीपत की प्रथम नागरिक
ये आम नहीं खास तस्वीर है। सबसे आगे नाच रही हैं पानीपत की प्रथम नागरिक यानी नगर निगम की मेयर अवनीत कौर। अंसल में नारी तू नारायणी उत्थान समिति ने उन्हें बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया। वहां महिलाओं को दामण और कुर्ता पहने देखा तो खुद भी इसी तरह उत्सव में शामिल होने की इच्छा जताई। फिर क्या था, तुरंत समिति सदस्य भी उत्साहित हो गईं। मेयर ने न केवल हरियाणी वेशभूषा में तीज उत्सव का आनंद लिया, बल्कि हरियाणवी गीतों पर नाचीं भी। मेरा दामण सीमादे हो, ओ नणदी के बीरा...पर जमकर नाचीं। बाकी महिलाओं ने खूब तालियां बजाईं।
पानीपत में तीज पर्व पर बच्चियों ने भी मन मोहा।
पानीपत में तीज पर्व पर मेहंदी रचाओ प्रतियोगिता में हिस्सा लेती प्रेम इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेज की छात्राएं।
यमुनानगर महिला थाना में हरियाली तीज का पर्व मनाती स्टाफ।
जींद के उचाना रेलवे रोड पर स्वामी गणेशानंद सनातन धर्म विद्यालय में तीज महोत्सव मनाते हुए।
जींद के दालमवाला स्कूल में तीज उत्सव में हरियाणवी परिधान में झूला झूलती छात्राएं।
यमुनानगर में हरियाली तीज का पर्व धूमधाम से मनाया गया। गांवों से लेकर शहर तक महिलाओं ने झूला झूला और पारंपरिक गीत गाकर त्योहार मनाया। भाई बहनों के घर पर घेवर, मिठाई लेकर गए। शहर में अग्रवाल वैश्य समाज की महिलाओं की तरफ से एक निजी होटल में हरियाली तीज महोत्सव मनाया। इसकी शुरुआत महाराजा अग्रसेने की प्रतिमा पर मुख्य अतिथि समाज सेविका सोनिया गर्ग व विशिष्ट अतिथि डा. मधु मित्तल ने दीप प्रज्ज्वलित करके की। अग्रवाल समाज की अध्यक्षा इंदु गुप्ता ने कहा कि त्योहारी हमारी संस्कृति की पहचान करवाते हैं। समाज में एक जुड़ाव भी पैदा करते हैं। नई पीढ़ी को संस्कारित करने के लिए इस प्रकार के आयोजन करते रहना चाहिए। निधि गर्ग ने बताया कि महिलाओं ने सोलह श्रृंगार के साथ तम्बोला, वन मिनट गेम, रैंप वाक का भी भरपूर आनंद लिया। मरजानी झांझर टूट गई जैसे गीत और लोक गीतों से समां बांधा गया। मौके पर वीनू गर्ग, अंजू अग्रवाल, निधि गुप्ता, रितु गर्ग, रितु अग्रवाल, सुमन गुप्ता, शुबी गुप्ता, सुषमा, मीना गर्ग, रीना समेत अन्य मौजूद रहे।
करनाल में तीज का त्योहार परंपरागत हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। हालांकि इस बार कोरोना की स्थिति को देखते हुए कई संस्थाओं ने आनलाइन कार्यक्रम आयोजित किए। घरों में महिलाओं ने विशेष श्रृंगार किया वहीं शिक्षण संस्थानों में बच्चों ने त्यौहार के अवसर पर मेहंदी प्रतियोगिता व अन्य गतिविधियों का आयोजन किया।
काछवा स्थित सीएस इंटरनेशनल स्कूल में छात्राओं ने हाथों पर मेहंदी सजाई। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं ने गीत संगीत के माध्यम से भी त्योहार की खुशियां साझा कीं।