Move to Jagran APP

श्री हाफिजाबादी राम नाटक क्लब सील

जागरण संवाददाता पानीपत किला क्षेत्र में नगर निगम की टीम ने 17 लाख 15 हजार रुपये बकाया प्रा

By JagranEdited By: Published: Sun, 06 Dec 2020 06:01 AM (IST)Updated: Sun, 06 Dec 2020 06:01 AM (IST)
श्री हाफिजाबादी राम नाटक क्लब सील
श्री हाफिजाबादी राम नाटक क्लब सील

जागरण संवाददाता, पानीपत :

loksabha election banner

किला क्षेत्र में नगर निगम की टीम ने 17 लाख 15 हजार रुपये बकाया प्रॉपर्टी टैक्स न देने पर हाफिजाबादी राम नाटक क्लब को सील कर दिया। क्लब के अंदर राम मंदिर भी सील हो गया। साथ ही पार्किंग में खड़ी पांच कारें भी फंस गईं। क्लब के सचिव राजकुमार चानना की गाड़ी भी सीलिग की कार्रवाई में फंस गई। उनकी किडनी खराब है। उन्हें दो दिनों में डायलिसिस के लिए जाना पड़ता है।

क्लब प्रधान अजय हुड़िया ने बताया कि बार-बार कहने पर भी निगम अधिकारी नहीं माने। 3 दिसंबर को नोटिस दिया था, जो सात दिनों का नोटिस था। कार्रवाई उससे पहले ही 48 घंटे में कर दी गई। राम मंदिर भी सील कर दिया गया। अब सुबह और शाम की आरती भी कैसे होगी। इस ग्राउंड में ड्राइक्लीन की दुकान चल रही है, वह भी सील हो गई है। इस दुकानदार ने अवैध कब्जा किया हुआ है। जिसका कोर्ट केस चल रहा है।

नगर निगम इन दिनों प्रापर्टी टैक्स वसूलने के लिए सक्रिय ह। एक दिन पहले मित्तल मेगा माल की 11 दुकानों को सील किया तो शनिवार को टीम किला के पास श्री हाफिजाबादी राम नाटक क्लब पहुंची। मैदान में कारें खड़ी थीं, साथ ही ड्राइ क्लीन का भी काम चल रहा था।

तीन दिन पहले नोटिस

क्लब प्रधान अजय हुड़िया ने बताया कि हम बिल ठीक करवाने गए थे बिल ठीक नहीं किया गया। , निगम के सिटी प्रोजेक्ट आफिसर राकेश कादियान ने कहा कि कई बार नोटिस दिया गया है।

पांच कार अंदर रह गईं

नगर निगम की टीम ने काफी देर तक इंतजार किया। करीब दो घंटे बाद मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। अब पांच कार अंदर रह गई हैं। सील लगने के बाद कार मालिक पहुंचे। जब तक टैक्स नहीं भरा जाता, तब तक सील लगी रहेगी। तब तक कार भी अंदर रहेंगी।

कुछ पैसे जमा कराने लगे, सील कार्रवाई नहीं रूकी

प्रापर्टी टैक्स का कुछ हिस्सा जमा कराने के लिए लोग पहुंचे। निगम अधिकारी राकेश कादियान ने कहा कि अब सीलिग की ही कार्रवाई होगी। सोमवार को निगम कार्यालय में टैक्स जमा करवा देना। इसके बाद सील खोल देंगे।

टैक्स गणना पर सवाल

क्लब के सदस्य सुभाष, अजय ने बताया कि यह जगह 3700 गज है। निगम ने 15 हजार गज के हिसाब से प्रापर्टी टैक्स बनाया है। इसमें सुधार करना चाहिए। इतनी बड़ी रकम बन ही नहीं सकती। निगम ने जानबूझकर सील करने के लिए ही इतना बड़ी राशि का नोटिस दे दिया।

71 वर्षों से रामलीला मंचन

यहां 71 वर्षो से रामलीला का मंचन होता है। यह जगह 15 रुपये में 99 साल के लीज पर निगम ने दी है। ये पैसे भी नहीं लिए जा रहे हैं। यहां मंदिर बना हुआ है, जो सील हो गया है। क्लब के सदस्यों ने बताया कि क्लब की तरफ से लॉकडाउन के दौरान एक हजार लोगों को रोजाना खाना दिया गया। क्लब सामाजिक कार्यों में बढ़चढ़ कर भाग लेता है। बिल ठीक होने पर हम भरने के लिए तैयार है। रामलीला का मंचन पिछले वर्ष नहीं हुआ था।

आयुक्त के पास मिलने गए

सुभाष भराड़ा ने बताया कि मंदिर सील होने पर लोगों की गाड़िया फंसने के मामले को लेकर आयुक्त से मिलने गए थे लेकिन वे चंडीगढ़ गए थे। हम प्रॉपर्टी टैक्स भरने के लिए तैयार हैं। सोमवार को अधिकारियों से मिलेंगे। बिल ठीक होते ही बकाया भर देंगे।

आयुक्त निलंबित हुए तो कार्रवाई शुरू हुई

प्रदेश के निकाय मंत्री गृहमंत्री अनिल विज ने कुछ दिन पहले नगर निगम के नगर निगम कमिश्नर सुशील कुमार को निलंबित किया था। विज ने कहा था कि नगर निगम प्रापर्टी टैक्स की वसूली नहीं कर पा रहा। इसके लिए कमिश्नर दोषी हैं। सुशील कुमार के निलंबन के बाद से नगर निगम की रिकवरी टीम इतनी सक्रिय हुई कि एक के बाद एक प्रापर्टी को सील किया जा रहा है। अब राजस्व भी बढ़ा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.