जिस गोद में खेली नाती, उसी में उठाना पड़ा शव, फफक पड़ा हर कोई
पानीपत में बिचपड़ी के पास हादसा। घर मनानी थी दीवाली नानी के घर से लौटी बेटी को वैन ने कुचल दिया। नाना भी पानीपत पहुंचे। बच्ची को गोद में उठा लिया। परिवार की लाडली हर्षिता की मौत से हर आंख हो गई नम।
पानीपत, जेएनएन - दीवाली की खुशियां एक पल में ही शोक में बदल गईं । जो बच्ची नानी के घर से लौटी थी। कह रही थी कि अपने घर दीवाली मनाएंगे। खूब खेलेंगे, वही बच्ची अब दुनिया में नहीं रही। एक ही झटके में हंसते-खेलते परिवार को हादसे ने गम में डुबो दिया है। पानीपत के दयाल सिंह पब्लिक स्कूल के पास पांच साल की बच्ची हर्षिता को एक वैन ने कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जिस नाना की गोद में वो बच्ची खेलती थी, उसी गोद में अब वो बेजान थी।
बिचपड़ी गांव के दीपक ने बताया कि वह अपनी ससुराल मुरथल गए थे। परिवार सहित वहीं पर थे। वहां से अपने घर लौट रहे थे। दयाल सिंह स्कूल के पास आटो तक पहुंचे। यहां पर वह आटो रिक्शा वाले को किराया दे रहे थे। तभी एक वैन ने उनकी पांच वर्षीय बेटी हर्षिता को कुचल दिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, वैन चालक वैन के साथ फरार हो गया।
हर्षिता, फाइल फोटो।
अस्पताल पहुंचे, सांसें टूट चुकी थीं
बच्ची को आटो रिक्शा में ही लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे। पर उसकी सांसें टूट चुकी थी। डाक्टर ने बताया कि हर्षिता की मौत हो चुकी है। स्वजनों को आभास तो पहले ही हो गया था। पर डाक्टर के यह कहते ही सभी की आंखें भर आईं। पिता का रो-रोकर बुरा हाल था। सूचना मिलते ही नाना भी अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने बेटी को गोद में उठा लिया।
वैन की वजह से हो रहे हादसे
वैन की वजह से पानीपत में हादसे हो रहे हैं। कुछ दिन पहले इको वैन चालक ने एक महिला को कुचल दिया था। चालक मौके से फरार हो गया। बिना देख, फुल स्पीड में गाड़ी चलाते हैं।