हरियाणा खेल के लिए अच्छी खबर, इन खिलाडि़याें को मिलेगी 38 करोड़ नौ लाख की इनाम राशि
हरियाणा के खिलाडि़यों के लिए ये अच्छी खबर है। सरकार ने खिलाडि़याें के प्रोत्साहन के लिए इनाम राशि जारी कर दी है। सरकार ने 38 करोड़ नौ लाख रुपये की इनाम राशि जारी की। साल 2019-20 में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मिलेगी राशि।
कैथल, [सुनील जांगड़ा]। हरियाणा खेल विभाग की तरफ से खेल उपलब्धियों के आधार पर हर साल खिलाड़ियों को नकद इनाम राशि दी जाती है। विभाग की तरफ से कुछ दिन पहले ही साल 2019-20 में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की नकद इनाम राशि जारी कर दी गई है। हरियाणा के 22 जिलों के लिए 38 करोड़ नौ लाख 75 हजार 500 रुपये की राशि जिला खेल परिषदों के खाते में भेज दी गई है। अब परिषदों से यह राशि खिलाड़ियों के खाते में भेजी जाएगी। इनमें सबसे ज्यादा सोनीपत के खिलाड़ियों के लिए पांच करोड़ 90 लाख 55 हजार और सबसे कम नूंह के लिए तीन लाख 40 हजार रुपये की राशि दी गई है। अगर हम कैथल की बात करेें तो विभिन्न खेलों के 116 खिलाड़ियों को 92 लाख 85 हजार रुपये की राशि जारी की जाएगी।
यह दी जाती है राशि
नेशनल और इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं में मेडल लाने वाले खिलाड़ियों को खेल विभाग की ओर से कैश अवार्ड दिया जाता है। सबसे ज्यादा ओलिंपिक और पैरालिंपिक खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को राशि दी जाती है। गोल्ड जीतने वाले को छह करोड़, सिल्वर मेडल वाले को चार करोड़, ब्रांज मेडल वाले काे ढाई करोड़ और भाग लेने वाले हर खिलाड़ी को 15 लाख रुपये दिए जाते हैं। इसी तरह एशियन और पैरा एशियन में गोल्ड के तीन करोड़, सिल्वर के डेढ़ करोड़, ब्रांज के 75 लाख और भाग लेने वाले हर खिलाड़ी को साढ़े सात लाख रुपये दिए जाते हैं।
किस जिले में कितनी राशि दी
जिले का नाम जारी की गई राशि
रेवाड़ी 37 लाख 30 हजार
पलवल 49 लाख पांच हजार
फतेहाबाद 65 लाख 45 हजार
अंबाला 78 लाख 40 हजार
पानीपत दो करोड़ 19 लाख
भिवानी दो करोड़ 23 लाख 85 हजार
फरीदाबाद तीन करोड़ 49 लाख 35 हजार
महेंद्रगढ़ 16 लाख 60 हजार
हिसार चार करोड़ 40 लाख 98 हजार
जींद दो करोड़ 53 लाख 55 हजार
कैथल 92 लाख 85 हजार
रोहतक तीन करोड़ 61 लाख 45 हजार
चरखी दादरी एक करोड़ नौ लाख 60 हजार
झज्जर तीन करोड़ 53 लाख 40 हजार
यमुनानगर 20 लाख 75 हजार
सोनीपत पांच करोड़ 90 लाख 55 हजार
पंचकूला 88 लाख पांच हजार
करनाल एक करोड़ 34 लाख 30 हजार
सिरसा 29 लाख दो हजार 500
गुरुग्राम दो करोड़ 14 लाख 25 हजार
कुरुक्षेत्र 78 लाख 60 हजार
नूंह तीन लाख 40 हजार
'जिला खेल अधिकारी सतविंद्र गिल ने बताया कि विभाग की तरफ से राशि भेज दी गई है। अब खिलाड़ियों के खाते में राशि भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कैथल के 116 खिलाड़ियों को 92 लाख 85 हजार रुपये दिए जाएंगे।'