Gita Mahotsav 2021: गीता जयंती महोत्सव में सांस्कृतिक रंग बिखेरेंगे देशी-विदेशी कलाकार, ये रहेगा खास
अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में 48 कोस कुरुक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुरुक्षेत्र कैथल जींद करनाल व पानीपत जिलों के 75 तीर्थों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जाएंगे। हरियाणा कला परिषद व हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के अंतर्गत प्रस्तुति होगी।
कुरुक्षेत्र, जागरण संवाददाता। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2021 में देशी और विदेशी कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपना रंग बिखेरेंगे। पहली बार 48 कोस कुरुक्षेत्र के अंतर्गत पांच जिलों के 75 तीर्थस्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हरियाणा की संस्कृति को दिखाया जाएगा। महोत्सव के मुख्य आयोजन दो स्टेज पर होंगे। एक हरियाणा पवेलियन होगा और दूसरा नार्थ जोन कल्चर सेंटर का होगा। इस पर 15-20 प्रदेशों के साथ कई विदेशी कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। हरियाणा पवेलियन में भी 50 कलाकार हरियाणवी लोककला का रंग बिखेंरेंगे।
एडीसी अखिल पिलानी ने सोमवार को अपने कार्यालय में कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड और हरियाणा कला परिषद सहित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की टीम के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि पवित्र ग्रंथ गीता और आजादी के अमृत महोत्सव की थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। महोत्सव से पहले हरियाणा कला परिषद के निदेशक संजय भसीन, मुख्यमंत्री के ओएसडी (प्रचार) गजेंद्र फोगाट और उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक कला केंद्र पटियाला के प्रतिनिधि अधिकारी राजेश बस्सी से सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बारे में फीडबैक ली। इस मौके पर केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा, सीईओ केडीबी अनुभव मेहता, केडीबी सदस्य विजय नरुला व सौरभ चौधरी मौजूद रहे।
75 तीर्थों पर कराए जाएंगे कार्यक्रम
एडीसी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में 48 कोस कुरुक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, करनाल व पानीपत जिलों के 75 तीर्थों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जाएंगे। हरियाणा कला परिषद व हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के अंतर्गत प्रस्तुति होगी। यहां स्थानीय प्रसिद्ध कलाकारों ने कार्यक्रमों करने की बात भी कही है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की टीम कलाकारों के नाम तय करने में लगी हुई है।
पुरुषोत्तमपुरा बाग में होंगे मुख्य आयोजन
हरियाणा पवेलियन और नार्थ जोन कल्चर सेंटर (एनजेडसीसी) के मंच पुरुषोत्तमपुरा बाग में लगाया जाएगा। हरियाणा पवेलियन में केवल हरियाणा की संस्कृति के कार्यक्रम कराए जाएंगे। एनजेडसीसी में तमिलनाडु, केरल, झारखंड, महाराष्ट्र और गुजरात सहित 15-20 प्रदेशों के सांस्कृतिक कार्यक्रम कराए जाएंगे। हरियाणा पैवेलियन में सांस्कृतिक कार्यक्रम नौ दिसंबर को शुरू होंगे। मुख्य कार्यक्रम 14 दिसंबर तक होंगे। पुरुषोत्तमपुरा बाग आरती स्थल पर भजन संध्या महोत्सव के दौरान 18 दिनों तक चलेगी। भजन संध्या में नौ से 14 दिसंबर तक मशहूर भजन गायकों को आमंत्रित किया जाएगा।