जौरासी गर्ल्स हाई स्कूल की छात्राओं ने गीता जयंती महोत्सव में पाया तीसरा स्थान
जौरासी राजकीय गर्ल्स हाई स्कूल की तीन छात्राओं को कुरुक्षेत्र में आयोजित अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव की प्रश्नोत्तरी में तीसरा स्थान मिला है।
जागरण संवाददाता, समालखा : जौरासी राजकीय गर्ल्स हाई स्कूल की तीन छात्राओं को कुरुक्षेत्र में आयोजित अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव की प्रश्नोत्तरी में तीसरा स्थान मिला है। स्कूल पहुंचने पर हेडमास्टर और शिक्षकों ने बच्चों को सम्मानित किया।
हेडमास्टर सुरेंद्र शास्त्री ने कहा कि शिक्षिका मनीषा के मार्गदर्शन में 8वीं की अर्पित और हिमानसी सहित छठी की ईशिका को प्रतियोगिता के लिए तैयारी करवाई थी। तीनों छात्राओं ने गीता के संस्कृत श्लोकों पर आधारित संस्कृत प्रश्नोत्तरी में तीसरा स्थान प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि जौरासी लड़कों के राजकीय सीसे स्कूल के 12वीं के छात्र सुनील ने भी भाषण प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। उनके स्कूल की 7वीं की छात्रा तन्नु दिव्यांग है। उसने इसी माह दिव्यांग दिवस पर पानीपत में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त किया है। इस अवसर पर शिक्षक कुलदीप, राजबाला, आशा, रेणू, मोहनलाल, कविता, सुनीता, राकेश कौशिक, जगबीर व दलेल सिंह मौजूद रहे।