युवक से तंग आकर स्कूल छोड़ा, फिर परेशान किया तो दे दी जान, 26 दिन बाद केस
यमुनानगर में एक युवती ने युवक से तंग आकर जान दे दी थी। परिजनों की शिकायत के बावजूद आरोपित पर कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। अब 26 दिन बाद केस दर्ज किया गया।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। यमुनानगर के रायपुर कालोनी शादीपुर में युवती ने फंदे पर लटक कर 31 जुलाई को आत्महत्या की थी। आत्महत्या के 26 दिन बाद थाना सदर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसान का केस दर्ज किया है। परिजनों ने युवक पर बेटी को परेशान करने का आरोप लगाया है। मृतका के परिजनों को अब इंसाफ की उम्मीद जगी है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।
नौवीं कक्षा में पढ़ती थी छात्रा
रायपुर कालोनी शादीपुर निवासी महिला ने बताया कि उसके पास चार बेटियां हैं। उसकी सबसे बड़ी बेटी नौवीं कक्षा में पढ़ती थी। बेटी को उनके घर के पास रहने वाला विशाल तीन साल से परेशान कर रहा था। वह उसका पीछा करता था। यह बात बेटी ने कई बार उन्हें बताई थी। तब उन्होंने विशाल को पुलिस कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी। परंतु वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और बेटी को तंग करने लगा। इससे परेशान होकर उन्होंने दो साल पहले बेटी का स्कूल छुड़वा दिया। विशाल ड्राइवर था। उसके डर से उन्होंने बेटी को उसके मामा के घर भी छोड़ा।
आरोपित के माता-पिता ने मांगी थी माफी
जब विशाल ने तंग करना बंद नहीं किया तो उन्होंने थाना सदर यमुनानगर में शिकायत दी। परंतु थाने में विशाल व उसके माता-पिता ने हाथ जोड़ कर माफी मांगी और भविष्य में ऐसी गलती नहीं होने की बात कही। परंतु विशाल में कोई सुधार नहीं हुआ। इसक बाद भी कई बार पंचायतें हुई। विशाल धमकी देता था कि वह उसे समाज में बदनाम कर देगा। महिला ने बताया कि 31 जुलाई को जब बेटी घर पर थी तो विशाल ने फाेन कर उसे धमकाया। इससे परेशान होकर बेटी ने घर में फंदा लगा लिया। वे घर पहुंचे तो उन्होंने बेटी को लटका देखा और थाने में सूचना दी।
पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप
मृतका के पिता ने बताया कि जब पुलिस ने बेटी का पोस्टमार्टम कराया था तभी उन्होंने विशाल के खिलाफ शिकायत दे दी थी। परंतु पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। कभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने की बात करते रहे तो कभी विशाल और बेटी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल निकलवाने के नाम पर उन्हें टरका दिया जाता। एक के बाद एक करते हुए पुलिस ने 26 दिन निकलवा दिए। मजबूरन वे एसपी कमलदीप गोयल से मिले। तब एसपी ने एसएचओ को फोन कर पहले युवक पर केस दर्ज करने को कहा। जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विशाल पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कर लिया।
युवक की तलाश जारी है : एसएचओ
वहीं, थान सदर यमुनानगर एसएचओ का कहना है कि विशाल पर केस दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश जारी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।