सोलह जिलों में हुई जनरल नॉलेज की परीक्षा
पानीपत में कुमाऊं संस्था के प्रधान बचन सिंह बिष्ट ने परीक्षा का नेतृत्व किया। इस दौरान परीक्षा अधिकारी कृति बल्लभ को सम्मानित किया गया।
जागरण संवाददाता, पानीपत : उत्तराखंड समाज प्रतिनिधि सभा हरियाणा की ओर से रविवार की सुबह पानीपत सहित 16 जिलों में जनरल नॉलेज परीक्षा कराई गई। इसमें कक्षा आठ से 12वी तक के 760 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। पानीपत में परीक्षा जिनवाणी स्कूल में हुई। इसमें 34 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
सभा के प्रदेशाध्यक्ष योगेश ने कहा कि पानीपत, फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार, सिरसा, सोनीपत, जींद, करनाल, कुरुक्षेत्र, भिवानी, पंचकूला और यमुनानगर आदि जिलों में एक ही समय पर परीक्षा कराई गई। परीक्षा जांच केंद्र जींद में बनाया गया है। इसी माह के अंत तक परिणाम घोषित किए जाएंगे।
हरियाणा में प्रथम आने पर 21 हजार, द्वितीय को 15 और तृतीय स्थान पर रहने वाले विद्यार्थी को 11 हजार रुपये इनाम मिलेगा। जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय को क्रमश: 11 हजार, सात हजार और 5100 रुपये मिलेंगे। सभा के प्रदेश महासचिव माया राम राम देवली ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा प्रवासी पीढ़ी को उत्तराखंड की धार्मिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और राजनीतिक जानकारी देना है।
पानीपत में कुमाऊं संस्था के प्रधान बचन सिंह बिष्ट ने परीक्षा का नेतृत्व किया। इस दौरान परीक्षा अधिकारी कृति बल्लभ को सम्मानित किया गया। इस मौके पर गंगा सिंह रावत, दुर्गा सिंह बिष्ट, ललित पाठक, अरुण भारद्वाज, गोपाल सिंह बिष्ट, मोहन सुयाल, शिव सिंह रावत और सोहन सिंह आदि मौजूद रहे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप