कचरा जोन बन रहा सेक्टर 25, निगम की आंख पर पट्टी
जागरण संवाददाता पानीपत कचरा हटाओ.शहर को स्वच्छ बनाओ। पीएम मोदी के दिए इस स्लोगन का प
जागरण संवाददाता, पानीपत : कचरा हटाओ.शहर को स्वच्छ बनाओ। पीएम मोदी के दिए इस स्लोगन का पानीपत में पलीता लगाया जा रहा है। सेक्टर 25 के डंपिग जोन में कूड़ा ग्राउंड में रखने की बजाए ट्रालियों से सड़कों पर डाल रहे हैं। एक तरफ गंदगी बिखर रही है दूसरी तरफ बारिश में कूड़ा सड़ने से दुर्गंध फैल रही है। ट्रांसपोर्ट नगर और आसपास के लोग इस समस्या से परेशान हैं। डंपिग ग्राउंड पर टीन से घेरेबंदी के लिए धरना देने वाले पूर्व मेयर सरदार भूपेंद्र सिंह भी चुप्पी साधे हैं। पानीपत शहर से आठ किलोमीटर दूर निबरी डंपिग यार्ड है। शहर का कूड़ा ट्रैक्टर ट्रालियों से सीधे यहीं भेजा जाता था। जेबीएम कंपनी वजन बढ़ाने के लिए जब ट्रालियों में कूड़े की जगह ईंट व अन्य सामान ले जाने लगी तो पूर्व मेयर सरदार भूपेंद्र सिंह आगे आए। शिकायत के बाद सेक्टर 25 ट्रांसपोर्ट नगर के पास खाली पड़ी जमीन पर कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन बनवा दिया। शहर के 26 वार्डों का कूड़ा छोटी गाड़ियों में भर कर इसी ग्राउंड में आता है। अनलोड करने के बाद कैंटर व ट्रैक्टर ट्राली में भर कर निबरी ले जाते हैं। प्रतिदिन 350-375 टन सूखा व गीला कूड़ा यहां डंप होता है। कूड़े के बारे में मुझे क्या पता दैनिक जागरण की टीम सुबह 11:30 बजे डंपिग ग्राउंड में पहुंची। ट्रैक्टर ट्रालियों के अतिरिक्त छोटे वाहन व तिपहिया रिक्शे में भर कूड़ा टीन शेड बाउंड्री के बाहर बिखेर रहे थे। कूड़े का पहाड़ बन जाने पर जेसीबी उसे समतल करने के लिए आई। दर्जनों छोटे बच्चे उसे कूड़े में से अपनी आजीविका के लिए सामान बिनते दिखाई दिए। जब उनसे ठेकेदार के बारे में पूछा तो पता चला कि वो पेड़ के नीचे कुर्सी पर बैठा है। टीम जब उनके पास पहुंची तो एक युवक ने अपना अजय बताते हुए कहा कि ठेकेदार कोई और है। वो बस बैठ कर देखभाल कर रहा है। कूड़े के बारे में उसे ज्यादा पता नहीं है। संवाददाता ने उसके बाद जेबीएम कंपनी के प्रतिनिधि अतेंद्रपाल सिंह से फोन पर बात की। प्रश्न : सेक्टर 25 का डंपिग जोन का ठेकेदार कौन है? उत्तर : आप बताओ.. क्या बात है। प्रश्न : इसे मेंटेन क्यों नहीं किया जा रहा है? उत्तर : बारिश के कारण थोड़ी समस्या आ गई है। प्रश्न : क्या गंदगी ऐसे ही फैलाती रहेगी। उत्तर : जल्द समाधान करा देंगे। पूर्व मेयर सरदार भूपेंद्र सिंह से बातचीत : प्रश्न : जेबीएम सड़कों पर कूड़ा बिखेर रही हैं? आप कुछ नहीं कर रहे हैं? उत्तर : वो कह रहे हैं ग्राउंड में बारिश का पानी भर गया है। प्रश्न : एक महीने से वैसी भारी बारिश तो नहीं हुई है। उत्तर : देखता हूं.पता करता हूं। प्रश्न : एक साल पहले आपके धरना देने के बाद टीन की चादरें लगाई गई थी। उत्तर : हां..। मैं देखता हूं। ऐसा क्यों हो रहा है। सड़क पर कूड़ा नहीं आने देंगे।
मेयर अवनीत कौर से बातचीत :
प्रश्न : सेक्टर में 25 पर कूड़ा क्यों बिखेरा जा रहा है? उत्तर : डंपिग ग्राउंड में बारिश का पानी भर जाने से दलदल हो गया था। प्रश्न : जेबीएम कंपनी क्यों नहीं मैंटेन कर रही है? उत्तर : कंपनी के प्रतिनिधि को हिदायत दी गई थी कि इसे मैंटेन करें। सड़कों पर कूड़ा नहीं डालें। प्रश्न : ग्राउंड को शेड से कवर क्यों नहीं किया जा रहा है? उत्तर : ऐसा करना संभव नहीं है। प्रश्न : शहर का कूड़ा सीधे निबरी क्यों नहीं ले जाते हैं? उत्तर : निबरी ले जाने के दौरान ट्रालियों में गड़बड़ी की आशंका रहती थी। सेक्टर 25 में इसलिए कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन बनाया गया। प्रश्न : इससे लोगों की परेशानी कम होने के बजाए बढ़ेगी। उत्तर : डंपिग जोन को मैंटेन करवाने के लिए निगम आयुक्त से बात करूंगी। वर्जन : बारिश के सीजन में सेक्टर 25 में सड़क पर कूड़ा बिखरने की शिकायत मिली है। जेबीएम को ग्राउंड मेंटेन रखने की हिदायत दी गई है। गंदगी आसपास में नहीं फैलने देंगे। सुशील कुमार, निगम आयुक्त, पानीपत।