गैराज संचालक एक साल से कुंडी डाल चला रहा था एसी, चार लाख जुर्माना, कुल पकड़ी 20 चोरी, नौ लाख जुर्माना
शहरवासियों ने गर्मी और बिजली बिल दोनों से बचने का रास्ता निकाल रखा है। बिना कनेक्शन के ही धड़ल्ले से एसी चलाए जा रहे हैं। सिटी सब डिवीजन मॉडल टाउन सब डिविजन और सिटी डिवीजन क्षेत्र में कुल 20 चोरी पकड़ी गई। सभी पर कुल नौ लाख का जुर्मान लगाया गया है। सिटी सब डिवीजन मॉडल टाउन सब डिवीजन और सिटी डिवीजन क्षेत्र की प्रजापत कॉलोनी नांगल खेड़ी विकास नगर सोंधापुर मॉडल टाउन ज्योति कॉलोनी और तहसील कैंप में अभियान चलाया गया।
जागरण संवाददाता, पानीपत : शहरवासियों ने गर्मी और बिजली बिल दोनों से बचने का रास्ता निकाल रखा है। बिना कनेक्शन के ही धड़ल्ले से एसी चलाए जा रहे हैं। सिटी सब डिवीजन, मॉडल टाउन सब डिविजन और सिटी डिवीजन क्षेत्र में कुल 20 चोरी पकड़ी गई। सभी पर कुल नौ लाख का जुर्माना लगाया गया है।
सिटी सब डिवीजन, मॉडल टाउन सब डिवीजन और सिटी डिवीजन क्षेत्र की प्रजापत कालोनी, नांगलखेड़ी, विकास नगर, सौंधापुर, मॉडल टाउन, ज्योति कालोनी और तहसील कैंप में अभियान चलाया गया। प्रजापत कालोनी में एक गैराज संचालक बीते एक साल से बिना कनेक्शन के ही बिजली का उपभोग करता मिला। यहां एसी भी चल रहा था। संचालक पर चार लाख का जुर्माना लगाया गया है। सनौली रोड पर सात केस, जिनपर 6.24 लाख, मॉडल टाउन में छह केस, जिनपर 2.15 लाख और सिटी डिवीजन में सात बिजली चोरी पकड़ी गई है, जिनपर एक लाख रुपये जुर्माना लगाया गया। तहसील कैंप के अमर भवन चौक, देशराज कालोनी, तहसील कैंप और सेठी चौक पर दुकान व मकानों में बिजली चोरी पकड़ी गई।