जिन दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने गया, उन्हीं ने कर दी चाकू से गोदकर हत्या Panipat News
यमुनानगर में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कार दी गई। युवक अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी मनाने गया था।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। जिन दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी मनाने के लिए गया, उन्ही ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। विवाद भी महज बिल के 50 रुपये को लेकर हुआ। पहले उनके बीच झगड़ा हुआ। मामला शांत होने पर दोनों पक्ष लौट गए। बाद में उसे फिर से फोन कर बुलाया गया। वरूण दुकान से बाहर गया, तो पास में ही महाराणा प्रताप पार्क के बाहर ले जाकर दोस्तों ने चाकू से वार कर दिया।
शोर सुनकर उसका चचेरा भाई संजय अपने साथियों के साथ पहुंचा और उसे अस्पताल लेकर गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक परिवार में इकलौता कमाने वाला था। उसके पिता की काफी पहले मौत हो गई थी।
पुलिस को यह दी शिकायत
मुंडा माजरा के संजय ओबरॉय ने बताया कि ओबरॉय चौक के पास छोटा मॉडल टाउन में उनकी टैंट हाउस की दुकान है। उसके चाचा का लड़का वरूण ओबरॉय मॉडल कॉलोनी में रहता है। रविवार को उसका जन्मदिन था। वरूण अपने दोस्त चौधरी कॉलोनी के रविजीत सिंह, पुराना हमीदा के कमलजीत सिंह, राहुल व वासू सचदेवा उनकी दुकान पर आया। उसके दोस्त उसे जन्मदिन की पार्टी देने के लिए कहने लगे। यहां से वह पार्टी के लिए चले गए।
आने के बाद फिर ले गए
वापस आने पर फिर से वरूण को उसके दोस्त अपने साथ ले गए। उनके टैंट हाउस से महाराणा प्रताप पार्क के पास पहुंचे। यहां उनकी लड़ाई हो गई। वासू के हाथ में चाकू था। जब आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंचा, तो देखते ही देखते वासू ने वरूण के पेट में चाकू घोंप दिया। रविजीत, कमलजीत व राहुल भी उसके साथ हाथापाई व मारपीट कर रहे थे। वहां काफी लोग एकत्र हो गए। वासू हाथ में चाकू लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपितों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने तीन को हिरासत में ले लिया है।