फैक्ट्री दिखाई, पार्टनर भी बनाया, फिर इस तरह धोखा दे हड़पे करीब तीन करोड़ Panipat News
कैथल में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। फैक्ट्री में पार्टनरशिप के नाम पर 2.95 करोड़ रुपये हड़प लिए गए। आरोपित पर केस दर्ज कर लिया गया है।
पानीपत/कैथल, जेएनएन। फैक्ट्रियों में पार्टनरशिप के नाम पर एक व्यक्ति से 2 करोड़ 95 लाख रुपये की राशि हड़प लिए गए। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। धोखाधड़ी करते हुए राशि हड़पने वाला आरोपित दिल्ली का है। पुलिस ने इस मामले को लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मॉडल टाउन निवासी मन्नू गुप्ता ने आरोप लगाया कि दिल्ली के प्रीतमपुरा विनय गोयल उसके मामा की साली का लड़का है, जो दिल्ली में फैक्ट्री चलाता है। वर्ष 2017 में उसकी आरोपित विनय से बातचीत हुई।
फैक्ट्री में हिस्सेदारी का ऑफर
आरोप है कि आरोपित ने कहा कि वह फैक्ट्री लगाकर लाखों रुपये माह की कमाई कर रहा है। उसने उसे फैक्ट्री में हिस्सेदारी का ऑफर दिया। शिकायत कर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपित ने उसे फैक्ट्री का दौरा भी कराया और फैक्ट्ररी की कीमत 3 करोड़ रुपये तय की थी। जून 2017 में विनय कैथल आया और हिस्सेदारी के लिए 20 लाख रुपये उससे ले गया। इसके बाद 21 लाख रुपये उसने आरोपित के बैंक खाता में जमा करवा दिए। एक करोड़ 10 लाख रुपये अपने मामा के हाथों से दिलवाए। इसके बाद आरोपित ने ठेके पर जमीन लेकर ठंडे पानी के कैंपर वाली फैक्ट्री लगा ली। इसमें 50 प्रतिशत हिस्सेदारी के नाम पर 95 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद 45 लाख रुपये फिर ले गए।
आरोपित ने फर्जी कागजात तैयार करवाया
शिकायतकर्ता ने बताया कि दो फैक्ट्रियों में हिस्सेदारी के नाम पर आरोपित ने उससे 2 करोड़ 95 लाख रुपये ले गए, लेकिन आरोपित ने फर्जी कागजात तैयार करते हुए हिस्सेदारी का आधा हिस्सा दिखाने की बजाए सात प्रतिशत ही दिखाया। जब उसने हिसाब मांगा तो कहा कि मार्केट में माल गया हुआ है, अभी पेमेंट नहीं आई है। जब भी वे हिसाब करने की बात कहता तो आरोपित उसे गुमराह करता रहा। जब वे अपने मामा के साथ फैक्ट्री में पैसे लेने के लिए गया तो आरोपित ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया। आरोपित ने डकैती का झूठा केस दर्ज कराने की धमकी दी। आरोपित ने जान से मारने की धमकी देनी शुरू कर दी। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई।
आरोपित के खिलाफ केस दर्ज
सिटी थाना पुलिस एसएचओ प्रदीप कुमार ने पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले में जांच की जा रही है।