पैसे डबल करने के फेर में कैथल के युवक ने गंवाए 20 लाख, जमीन भी गई, ऐसे फंसा जाल में
कैथल में पैसे गडबल करने के नाम पर धोखाधड़ी हुई। आरोपित डाकिया है। उसने 15 दिन में पैसे दोगुने करने का झांसा दिया था। पीड़ित ने दो दिन पहले ही जमीन बेची थी। आरोपित ने फर्जी रसीद भी दी। बाद में जांच कराने पर धोखाधड़ी का पता चला।
कैथल, जेएनएन। कैथल में एक व्यक्ति के पैसे डबल करने का लालच देकर 20 लाख 30 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। इस मामले में मलिकपुर निवासी दीदार सिंह ने सीएम विंडो में शिकायत दी थी। शिकायत को 26 फरवरी 2021 को एसपी कार्यालय से गुहला थाना भेज दिया गया था। अब गुहला पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
दीदार सिंह ने बताया कि आरोपित मलिकपुर निवासी अवतार सिंह महमूदपुर डाकघर में डाकिये के पद पर कार्यरत है। 11 नवंबर 2014 को उसने अपनी खेती की जमीन बेची थी। दो दिन बाद आरोपित उसके घर आया और बोला कि उसके पास कितने पैसे हैं। उसने कहा कि 20 लाख 30 हजार रुपये मिले हैं। आरोपित ने कहा कि वह उसके पैसे एक निजी कंपनी में लगवा देगा, जिससे उसके पैसे 15 महीने में डबल हो जाएंगे। अगर कंपनी भाग गई तो उसकी जिम्मेदारी भी अवतार सिंह ने ले ली थी।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
निजी कंपनी की रसीद थमाई
वह उसकी बातों में आ गया और अगले ही दिन पत्नी जसबीर कौर, साला सुरजीत सिंह, जोगिंद्र सिंह के सामने उसने अवतार को 20 लाख 30 हजार रुपये दे दिए। अवतार ने उसके और उसकी पत्नी का आधार कार्ड की कॉपी ले ली। 15 नवंबर को ही उसने उसे एक निजी कंपनी की रसीद दे दी। लेकिन वह अनपढ़ होने के कारण उसे पढ़ नहीं पाया।
हर महीने ब्याज देने की कही थी बात
आरोपित अवतार सिंह ने कहा था कि हर महीने वह उसे ब्याज देगा। महीना खत्म होने के बाद उसने ब्याज की राशि मांगी तो उसने कहा कि जब राशि आएगी वह दे देगा। 15 महीने बीत जाने के बाद जब आरोपित से दोगुनी राशि मांगी तो कहा कि जब कंपनी से पैसे आएंगे तभी पैसे मिलेंगे। डाकघर में सरकारी पद पर होने के कारण वह उस पर विश्वास करता रहा। 2019 में तंग आकर उसने आरोपित अवतार को कहा कि वह उसकी राशि वापस कर दे नहीं तो पुलिस को शिकायत दूंगा। उसके द्वारा दी गई रसीद को चेक करवाया गया तो वह भी फर्जी निकली।
क्या कहती है पुलिस
जांच अधिकारी हरपाल सिंह ने बताया कि दीदार सिंह की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। इस मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है। आरोपित पर कार्रवाई की जाएगी।