आइपीएल में पानीपत के 4 खिलाडि़यों की हो सकती है एंट्री, मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल के लिए देंगे ट्रायल
इंडियन प्रीमियर लीग आइपीएल में पानीपत के चार खिलाडि़यों की एंट्री हो सकती है। मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल टीम में शामिल होने के लिए ट्रायल देंगे। अगर मौका मिला तो टीम इंडिया के खिलाड़ियों को नेट प्रैक्टिस कराएंगे।
पानीपत, जागरण संवाददाता। आइपीएल (IPL) यानी इंडियन प्रीमियम लीग में खेलना युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा सपना होता है। इस लीग में खेलने का अवसर मिल गया तो समझो टीम इंडिया के लिए भी रास्ते खुल गए। पानीपत के चार खिलाड़ियों ने ऐसी उम्मीद जगाई है। पानीपत के खिलाड़ियों को आइपीएल की दो टीमों में शामिल होने के लिए ट्रायल पर बुला लिया गया है। अगर ट्रायल में इन्होंने अपनी प्रतिभा से दिल जीत लिया तो पानीपत के क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए एक तरह से रास्ता खुल जाएगा। आइये, आपको इन चार खिलाड़ियों के बारे में बताते हैं। इनकी क्या है खूबी।
ये चार देंगे ट्रायल
1- मुंबई इंडियंस के ट्रायल के लिए भागमेंदर लाठर का चयन किया है। वह आलराउंडर हैं।
2- विकेट कीपर बैट्समैन तिलक ठाकुर दिल्ली कैपिटल के लिए ट्रायल देंगे।
3- बायें हाथ के स्पिनर आलराउंडर शरद कुमार। दिल्ली कैपिटल के लिए ट्रायल देंगे।
4- आलराउंउर अरविंद शर्मा। दिल्ली कैपिटल के लिए ट्रायल देंगे।
एमीगोज ने दिलाया मौका
पानीपत की डीसी एमीगोज क्रिकेट एकेडमी के माध्यम से खिलाडि़यों को अवसर मिला है। एकेडमी के निदेशक वरुण ने जागरण को बताया कि खिलाड़ी आगे निकल सकता है। भारतीय टीम में भी खिलाड़ी खेल सकते हैं।
इस तरह होता है ट्रायल
आइपीएल की टीमों ने अब देश के खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ने के लिए ट्रायल लेने शुरू कर दिए हैं। पहले केवल मुंबई इंडियंस ने ही ऐसी पहल की थी। अब दिल्ली कैपिटल ने भी ऐसा प्रयास किया है। दिल्ली की टीम में शामिल होने के लिए खिलाड़ी को ट्रायल देना होगा। ट्रायल में सफल होने पर टीम में जगह मिल जाएगी। आइपीएल टीम में ट्रायल देना है तो पहले किसी एकेडमी में रजिस्ट्रेशन कराना होगा। अगर आइपीएल की किसी टीम के साथ एकेडमी का टाइअप है तो काम और आसान हो जाएगा, क्योंकि आइपीएल की टीम पहले उसी एकेडमी के खिलाड़ियों को ट्रायल का मौका देगी।
इंडिया टीम को नेट प्रैक्टिस कराएंगे
अगर खिलाड़ी ट्रायल में सफल होते हैं तो इंडिया टीम के खिलाड़ियों को नेट प्रैक्टिस भी करा सकते हैं। करनाल के नवदीप सैनी का उदाहरण तो सभी के सामने हैं। वह दिल्ली में खिलाड़ियों को प्रैक्टिस कराते थे। गौतम गंभीर की उन पर नजर पड़ी। तेज गेंदबाज को निखारा। उन्हें टीम इंडिया तक ले गए।